विदाई समारोह में बोले जिला महामंत्रीमंडलोई – एक दिन के विधायक को लाखों की पेंशन, लेकिन 40 वर्ष देश का भविष्य संवारने वाले शिक्षकों को खाली हाथ भेज रही है सरकार ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माचलपुर संकुल केंद्र परिसर में दो वरिष्ठ शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने पर एक भव्य विदाई व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में सेवानिवृत्त हुए शिक्षक सुरेश चंद्र नागर एवं मथरालाल पाटीदार का साफा पहनाकर और शॉल श्रीफल भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई । इस दौरान संकुल प्राचार्य दिनेश गौतम, राज्य शिक्षक संघ के जिला महामंत्री योगेंद्र सिंह मंडलोई और जन शिक्षक बालचंद डांगी सहित संकुल के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे ।
“पेंशन की विसंगति पर शिक्षक का छलका दर्द”
विदाई के इस भावुक क्षण में सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश चंद्र नागर का दर्द छलक पड़ा । उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने शिक्षा विभाग में अपने जीवन के अमूल्य 30 वर्ष समर्पित किए हैं । इसके बावजूद अब बुढ़ापे में जीवनयापन के लिए पेंशन के नाम पर उन्हें मात्र 2300 रुपये प्रति माह मिलेंगे इतनी कम राशि में इस महंगाई के दौर में गुजारा करना अत्यंत कठिन है ।
“शिक्षकों के साथ हो रहा सरासर अन्याय: संघ”
शिक्षकों की इस दयनीय स्थिति पर राज्य शिक्षक संघ के जिला महामंत्री योगेंद्र सिंह मंडलोई ने सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया । उन्होंने कहा कि शासन देश का भविष्य बनाने वाले राष्ट्र निर्माताओं के साथ घोर अन्याय कर रहा है जिन कर्मचारियों ने अपनी पूरी जिंदगी सरकारी सेवा में लगा दी, उन्हें आज बिना पुरानी पेंशन (ओपीएस) और बिना ग्रेच्युटी के खाली हाथ घर भेजा जा रहा है ।
मंडलोई ने जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों की पेंशन की तुलना करते हुए कहा कि एक दिन के लिए भी विधायक या सांसद बनने वालों को लाखों रुपये की पेंशन दी जाती है, जबकि 40-40 साल तक निष्ठापूर्वक सेवा देने वाले कर्मचारी को उसके बुढ़ापे के सहारे से वंचित रखा जा रहा है। यह विदाई सम्मानजनक नहीं बल्कि अन्यायपूर्ण है, जिससे हर शिक्षक का मन दुखी है इस अवसर उन्होंने संकल्प दोहराया कि संघ शिक्षकों को पुरानी पेंशन का हक दिलाकर ही दम लेगा ।
इस गरिमामयी विदाई समारोह के अवसर पर अजय कुमार दुबे, रामबाबू विश्वकर्मा, कन्हैयालाल दांगी, संकुल अध्यक्ष महेश कारपेंटर, दीपक सिंह भाकरोद, श्याम बाबू विश्वकर्मा, गोविंद पाटीदार और जगदीश मालवीय सहित संकुल के सभी साथी शिक्षकों ने सेवानिवृत्त हुए दोनों शिक्षकों के स्वस्थ, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।










