
अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा: दो साल से दफ्तरों के चक्कर काट रहे पीड़ित किसान रामबाबू को मिली बड़ी राहत,सुचारू रूप से हो सकेगा कृषि कार्य ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :– पचोर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत अपने स्वयं के खेत तक पहुंचने के रास्ते के लिए करीब दो साल से दफ्तरों के चक्कर काट रहे एक पीड़ित किसान को आखिरकार बुधवार को बड़ी राहत मिल गई । तहसीलदार अखिलेश मालवीय के कड़े रुख और आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर खेत का अवरुद्ध रास्ता खुलवा दिया रास्ता खुलने से अब किसान आगामी फसलों के लिए सुचारू रूप से कृषि कार्य कर सकेगा ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हालूहेड़ी कलां निवासी किसान रामबाबू गौड़ अपने खेत तक जाने वाले रास्ते की समस्या को लेकर पिछले दो वर्षों से बेहद परेशान थे । रास्ता बंद होने के कारण उन्हें खेती-किसानी के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था । मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार मालवीय ने रास्ता बहाल करने के निर्देश दिए बुधवार को राजस्व अमले ने पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर पैमाइश की और बंद पड़े रास्ते को पूरी तरह से साफ करवाकर किसान को सौंप दिया । उक्त कार्यवाही के दौरान राजस्व निरीक्षक पंकज नामदेव,हल्का पटवारी कविता नागर, पटवारी बबीता, पटवारी आनंद सेन और पचोर चौकीदार देवकरण भिलाला मुख्य रूप से मौजूद रहे ।









