कलेक्टर की संवेदनशीलता: राजगढ़ आईटीआई में उत्कृष्ट काम करने वाले प्राचार्य एम.वी. संतोष कुमार का कलेक्टोरेट में हुआ अनूठा सम्मान ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर/राजगढ़ :- शासकीय सेवा में जीवन खपाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के प्रति सम्मान की एक ऐसी नजीर राजगढ़ में पेश की गई, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। बुधवार को कलेक्टोरेट में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक उस समय बेहद भावुक और यादगार क्षण में बदल गई, जब कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की ।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अपने सेवाकाल को पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने जा रहे आईटीआई राजगढ़ के प्राचार्य एम.वी. संतोष कुमार को न केवल विदाई दी, बल्कि उन्हें कलेक्टोरेट की अपनी मुख्य शासकीय कुर्सी पर ससम्मान बैठाया । जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी की इस आत्मीय पहल ने वहां मौजूद समूचे प्रशासनिक अमले का दिल जीत लिया। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले ने प्राचार्य श्री कुमार को शॉल व श्रीफल भेंट कर उनके सुखद भविष्य की कामना की ।
“संस्थान को दी नई ऊंचाई, कलेक्टर ने सराहा”
बैठक में प्राचार्य के योगदान को रेखांकित करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि संतोष कुमार का राजगढ़ में बिताया गया दो वर्ष का कार्यकाल बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने आईटीआई राजगढ़ को उत्कृष्टता की ओर ले जाने और संस्थान की बेहतरी के लिए कई उल्लेखनीय व सराहनीय प्रयास किए, जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा ।
“बड़ा संदेश: हर निष्ठावान का काम वंदनीय”
प्रशासनिक हल्के में कलेक्टर डॉ. मिश्रा के इस कदम को एक बड़े सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है । विदाई के पल में अपनी कुर्सी सौंपना यह दिखाता है कि शासकीय सेवा में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से वर्षों तक जनता की सेवा करने वाले हर कर्मचारी का योगदान सर्वोच्च सम्मान का हकदार है।









