ग्रामीणों ने लगाई गुहार,कहीं रास्ते पर नाली निर्माण से रास्ता बंद,तो कहीं बेटे ने ही हड़पा पिता का पीएमआवास ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में इस मंगलवार को भी बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही मौजूद अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों का समय-सीमा के भीतर त्वरित निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए ।
“रास्ते पर नाली निर्माण को लेकर आक्रोश”
जनसुनवाई में ग्राम बसखो से आए कंवरलाल ने गांव के दबंगों द्वारा आम रास्ते पर नाली बनाने की शिकायत दर्ज कराई । पीड़ित ने बताया कि नाली निर्माण के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है इस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने तत्काल सीईओ जनपद राजगढ़ को मौके पर जाकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।
“कलयुगी बेटे ने हड़पा पिता का आशियाना”
एक अन्य भावुक कर देने वाले मामले में ग्राम आंकाखेड़ी कलां के बुजुर्ग कालूराम ने अपने ही बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई । पीड़ित पिता ने बताया कि उन्होंने मेहनत से मिले प्रधानमंत्री आवास को बनाकर तैयार किया था, लेकिन उनके पुत्र ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर आवास को अपने नाम करवा लिया और अब उन्हें घर में रहने नहीं दे रहा है । बुजुर्ग की व्यथा सुनकर कलेक्टर ने सीईओ जनपद नरसिंहगढ़ को मामले की निष्पक्ष जांच कर बुजुर्ग को न्याय दिलाने के आदेश दिए ।
“पीएम किसान सम्मान निधि बंद होने से परेशान किसान”
कृषि और आर्थिक मदद से जुड़े मामलों में ग्राम गिंदौरहाट के निवासी जितेंद्र ने अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि उन्हें पूर्व में नियमित रूप से किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा था, जो किन्हीं कारणों से अचानक बंद हो गया है । कलेक्टर ने इस तकनीकी व प्रशासनिक खामी को दूर करने के लिए तहसीलदार सुठालिया को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया ।
जनसुनवाई के अंत में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लंबित आवेदनों को तय समय-सीमा में सुलझाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।









