मिल्क कलेक्शन सेंटरों से दूध और मावा भंडार से लिए सैंपल, जांच के लिए राज्य प्रयोग शाला भेजे ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- दीपावली और आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में मिलावट खोरों के खिलाफ प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के सख्त निर्देशन में खाद्य सुरक्षा और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सारंगपुर और पचोर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया । इस दौरान टीम ने दो मिल्क कलेक्शन सेंटरों और एक मावा भंडार से नमूने जब्त किए ।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.एस. खत्री के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ सारंगपुर के तारागंज स्थित ‘श्री सिद्धिविनायक मिल्क सेंटर’ तथा ‘ओयस्टर मिल्क प्रोडक्ट्स चिलिंग सेंटर’ पर दबिश दी गई यहाँ से दूध के सैंपल लिए गए । इसके बाद टीम ने पचोर के न्यू बस स्टैंड स्थित ‘मां गायत्री मावा भंडार’ का निरीक्षण कर मावे का सैंपल लिया ।
“मौके पर ही किया प्राथमिक परीक्षण”
कार्रवाई के दौरान टीम ने ‘मिल्क टेस्टिंग रैपिड किट’ के माध्यम से मौके पर ही दूध और मावे का प्राथमिक परीक्षण किया । खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्राप्त होने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।
“साफ-सफाई और मानकों की भी हुई जांच”
निरीक्षण के दौरान केवल सैंपल ही नहीं लिए गए, बल्कि प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की स्थिति, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य लाइसेंस (अनुज्ञप्ति) और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी बारीकी से जांच की गई । अधिकारियों ने दुकान संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा ।
इस संयुक्त छापामार कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अमले के साथ पुलिस प्रशासन की ओर से सब इंस्पेक्टर राहुल सेंधव, गौरव बाजपेई सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे । प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावट के खिलाफ यह अभियान आने वाले दिनों में भी पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा ।









