डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस, CHO का 15 दिन का वेतन कटा, दो फार्मासिस्टों की वेतनवृद्धि रोकी, कलेक्टर बोले – स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर / राजगढ :- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ब्यावरा के लखनवास में शिविर से पहले कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। निरीक्षण में बड़ी लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए ।
“लखनवास PHC में जांचें नहीं, रिकॉर्ड गायब”
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखनवास के निरीक्षण के दौरान NCD (गैर-संचारी रोग) अभियान के तहत बीपी-शुगर की जांच और टीबी के संदिग्ध मरीजों के बलगम की जांच नहीं होना पाई गई। अन्य बीमारियों के रिकॉर्ड का समुचित संधारण नहीं मिला और दवाओं की उपलब्धता भी पर्याप्त नहीं थी। इस पर कलेक्टर ने डॉ. योगेश शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए ।
“संवासी में CHO का वेतन कटा”
नरसिंहगढ़ विकासखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर संवासी में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर राहुल चौधरी द्वारा NCD अभियान के तहत लक्ष्य के अनुरूप बीपी-शुगर मरीजों की जांच नहीं करना और दवाओं की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं करना पाया गया। इस पर CHO का 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
“फार्मासिस्टों पर भी गिरी गाज”
एनएचएम संविदा फार्मासिस्ट विष्णु साहू द्वारा दवाओं का ऑनलाइन इंडेंट नहीं करना, स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करना और दवा वितरण में अनियमितता पर दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुठालिया के अंतर्गत आने वाली संस्थाओं में दवाओं का ऑनलाइन स्टॉक अपडेट नहीं करने पर फार्मासिस्ट लोकेंद्र शाक्यवार की एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए ।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं में दवाओं की उपलब्धता,स्टॉक संधारण, मरीजों की जांच और ऑनलाइन पोर्टल पर एंट्री नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। शासन की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समय पर और सुगमता से मिलना सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा ।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, एसडीएम ब्यावरा गोविंद दुबे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शेख जलालुद्दीन, डीसीएम सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे ।










