Edition

जीरापुर में बड़ी वारदात: सूने मकान से 50 लाख रुपये की नगदी पार !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सगाई समारोह में राजस्थान गया था परिवार, जमीन बेचकर दीवान पलंग में रखे थे रुपये, पुलिस जांच में जुटी ।

 घनश्याम शर्मा माचलपुर 

माचलपुर / जीरापुर :- जीरापुर नगर के माताजी मोहल्ला में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है । घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित परिवार एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने राजस्थान गया हुआ था । मिली जानकारी के अनुसार, माताजी मोहल्ला निवासी अब्दुल रईस अपने चचेरे भाई की सगाई में शामिल होने के लिए पूरे परिवार सहित राजस्थान गए थे । देर रात जब परिवार वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए चोरों ने मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया इसके बाद कमरे में रखे दीवान पलंग को खंगालकर उसमें रखे 50 लाख रुपये नगद समेट कर रफूचक्कर हो गए ।

“जमीन बेचकर घर में रखी थी रकम”

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। एडिशनल एसपी के.एल. बंजारे और जीरापुर थाना प्रभारी हुकुमचंद मीणा ने बताया कि फरियादी अब्दुल रईस ने हाल ही में अपनी एक जमीन बेची थी । जमीन की बिक्री से मिले 50 लाख रुपये उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से घर के दीवान पलंग में रखे थे, जिस पर अज्ञात बदमाशों ने हाथ साफ कर दिया ।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लेते हुए चोरों की तलाश के लिए संदिग्धों से पूछताछ और क्षेत्र में लगे कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail