माचलपुर संकुल में हुआ शैक्षिक संवाद, बीआरसी बोले- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बिना हर लक्ष्य अधूरा ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत जनशिक्षा केंद्र शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल माचलपुर में संकुल स्तरीय ‘शैक्षिक संवाद’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक रिसोर्स को-ऑर्डिनेटर (बीआरसी) गजेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बिना विकास का हर लक्ष्य अधूरा है । शिक्षा के स्तर और गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष संवाद में क्षेत्र की प्राथमिक शालाओं के कक्षा 1और 2 के शिक्षकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की ।
सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी उपयोग को इस बार के संवाद का मुख्य केंद्र बिंदु बनाया गया। मास्टर ट्रेनर्स और सहजकर्ताओं ने विभिन्न जॉयफुल एक्टिविटीज (आनंदमयी गतिविधियों) और नमस्ते गीतों के माध्यम से बच्चों के लिए शिक्षण को रोचक और सुलभ बनाने के व्यावहारिक तरीके साझा किए। कार्यक्रम के दौरान ‘जीरो कॉस्ट टीएलएम’ पर विशेष जोर देते हुए शिक्षकों ने ‘कबाड़ से जुगाड़’ तकनीक के तहत बेहद कम लागत वाले शिक्षण मॉडल्स का जीवंत प्रदर्शन भी किया । इसके साथ ही बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान (एफएलएन) के तहत बच्चों के सीखने के स्तर का सही और सटीक आकलन करने के लिए मूल्यांकन टूल्स की समझ विकसित की गई ।
कक्षावार समूह चर्चा में कक्षा 1 और 2 की शिक्षण रणनीतियों पर शिक्षकों ने विस्तृत विचार-विमर्श किया। उल्लेखनीय है कि राज्य शिक्षा केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस सत्र में कुल 5 इन-पर्सन शैक्षिक संवाद आयोजित किए जा रहे हैं, जिनकी जिम्मेदारी जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) तथा स्थानीय सहजकर्ताओं को सौंपी गई है। इस अवसर पर जन शिक्षक बालचंद दांगी, मनोहरलाल दांगी, डीआरजी सुरेश चंद्र सोनी, कैलाश चंद्र राठौर और सहजकर्ता ज्ञानसिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक गण उपस्थित रहे ।









