Edition

कहाँ छिपे हैं वो पाखंडी ? पंडालों में कन्या पूजन का ढोंग,नाले में फेंक दी नवजात दुर्गा !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लसूड़िया रामनाथ में इंसानियत शर्मसार: जिस कोख ने जन्म दिया,उसी ने नवरात्र के पावन पर्व पर नाले में बहाया,अस्पतालों में जन्मीं 5 बेटियों के रिकॉर्ड खंगाल रही कुरावर पुलिस ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर / कुरावर :- देश और प्रदेश में इस समय शारदीय नवरात्र के पावन पर्व की धूम है । हर तरफ पंडालों में नौ देवियों के स्वरूपों की पूजा हो रही है,कन्याओं के पैर पखारे जा रहे हैं और मातृशक्ति की आराधना के जयकारे गूंज रहे हैं,लेकिन इसी बीच मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर से एक ऐसी विडंबना सामने आई है, जिसने पूरे समाज के दोहरे चरित्र को बेनकाब कर दिया है और इंसानियत को लहूलुहान कर दिया है । नगर परिषद क्षेत्र के लसूड़िया रामनाथ स्थित वार्ड क्रमांक-2 के भील मोहल्ले में रविवार दोपहर एक सरकारी स्कूल के पीछे बने गंदे नाले में एक नवजात बालिका का शव तैरता हुआ मिला । जिस मासूम को किसी घर का आंगन चहकाना था, वह क्रूरता की भेंट चढ़कर नाले के कचरे में पड़ी मिली इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की संवेदनाएं झकझोर उठीं । सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कुरावर थाना पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नरसिंहगढ़ भेजा है पुलिस ने अज्ञात पत्थर दिल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है ।

मासूम बच्चों की नजर पड़ी तो कांप उठा मोहल्ला
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे भील मोहल्ले में सरकारी स्कूल के पीछे कुछ मासूम बच्चे खेल रहे थे । इसी दौरान खेल-खेल में एक बच्चे की नजर नाले के पानी में तैरती हुई किसी चीज पर पड़ी ध्यान से देखने पर पता चला कि वह एक नवजात बच्ची की लाश थी । बच्चे ने भागकर तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने कुरावर थाना पुलिस को सूचित किया मामले की संवेदन शीलता को देखते हुए थाना प्रभारी जितेंद्र मवई और उप निरीक्षक कर्मवीर सिंह टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया  ।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में जो बात सामने आई,वह दिल को और ज्यादा चीर देने वाली है मृत नवजात बालिका के शरीर पर अभी गर्भनाल भी लगी हुई थी । शव की स्थिति को देखकर डॉक्टरों और पुलिस का अनुमान है कि बच्ची का जन्म घटना से महज 24 घंटे से भी कम समय पहले हुआ था । यानी दुनिया में कदम रखे उसे एक दिन भी नहीं हुआ था कि किसी कसाई दिल जननी या परिवार ने उसे मौत के नाले में धकेल दिया। हालांकि, बच्ची के जन्म के सटीक समय और उसकी मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी ।

इस क्रूर वारदात को अंजाम देने वाले गुनहगारों तक पहुंचने के लिए कुरावर पुलिस ने हर बिंदु पर तफ्तीश तेज कर दी है । क्षेत्र के चिकित्सा केंद्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में स्थानीय व आसपास के विभिन्न अस्पतालों में पांच बेटियों का जन्म हुआ है । पुलिस इस समय इन सभी पांचों प्रसूति मामलों और उनसे जुड़े परिवारों के रिकॉर्ड को बारीकी से खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस प्रसूता की गोद आज खाली है । थाना प्रभारी जितेंद्र मवई ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail