
छत के रास्ते घर में घुसे थे शातिर पड़ोसी, पहले कब्रिस्तान में छिपाई रकम फिर साथी के पास रखवाई; वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार, दो बाइक और सब्बल जब्त ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- जीरापुर माताजी मोहल्ला में रहने वाले एक कबाड़ व्यापारी के सूने मकान से 50 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है । थाना जीरापुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल चार आरोपियों को दबोच लिया है । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराई गई रकम में से 41 लाख रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल एक अर्टिगा कार, दो मोटरसाइकिल और कुंडा तोड़ने में प्रयुक्त सब्बल जब्त किया है । यह बड़ी कामयाबी पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, एएसपी के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन और एसडीओपी धर्मवीर सिंह नागर के नेतृत्व में गठित टीम को मिली है ।
“जमीन बेचने की रकम दीवान में रखी थी”
पुलिस के अनुसार, फरियादी अब्दुल रईस निवासी माताजी मोहल्ला जीरापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने जनवरी 2026 में खरपा रोड स्थित अपनी जमीन 70 लाख रुपये में बेची थी । इसमें से 50 लाख रुपये नकद उसने अपने घर में लकड़ी के दीवान के अंदर छिपाकर रखे थे। इनमें से 25 लाख रुपये एक काले बैग में और शेष 25 लाख रुपये गत्ते के कार्टून में रखे हुए थे। बीती 15 अक्टूबर को फरियादी अब्दुल रईस अपने पूरे परिवार के साथ राजस्थान में एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जब वह 16 अक्टूबर की रात करीब 1.15 बजे वापस लौटा, तो घर के कमरे का कुंडा टूटा हुआ था और दीवान में रखे 50 लाख रुपये गायब थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की ।
“जुड़ी छतों का फायदा उठाकर घुसे, कब्रिस्तान में छिपाई रकम”
पुलिस जांच और साइबर सेल की मदद से सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी फरियादी के मोहल्ले के ही रहने वाले हैं। आसपास के मकानों की छतें आपस में जुड़ी होने के कारण आरोपियों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। दीवान से लाखों की नकदी पार करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए बदमाशों ने नीचे का मुख्य गेट खोल दिया और खुद वापस छत के रास्ते ही भाग निकले । चोरी करने के बाद आरोपियों ने रकम को पहले अपने घरों में और फिर ले जाकर कब्रिस्तान में छिपा दिया था। अगले दिन वे इस रकम को अपने एक अन्य साथी तौसीफ के पास खिलचीपुर में सुरक्षित रखने के लिए दे आए ।
“चारों आरोपी गिरफ्तार, 9 लाख की बरामदगी बाकी”
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सोहेल पिता सलीम खान उम्र 22 वर्ष, निवासी जीरापुर के कब्जे से 13 लाख रुपये नकद, एक अर्टिगा कार और सब्बल जब्त हुआ । वहीं दूसरे आरोपी फुजेल उर्फ फैजल पिता शहजाद खान उम्र 21 वर्ष, निवासी जीरापुर के पास से 13 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई । तीसरे आरोपी असमत उर्फ समर लाला उम्र 23 वर्ष, निवासी जीरापुर के कब्जे से भी 13 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा, चोरी की रकम छिपाने में मदद करने वाले चौथे आरोपी तौसीफ पिता शहजाद खान उम्र 25 वर्ष, निवासी खिलचीपुर के पास से पुलिस ने 2 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की ।
पुलिस ने अब तक कुल 41 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष 9 लाख रुपये की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ और प्रयास जारी हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए तीनों मुख्य आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही मारपीट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में जीरापुर थाना प्रभारी हुकुमसिंह मीना और उनकी पूरी पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही।









