
एनेस्थीसिया के लिए अनफिट मरीज की सफल हर्नियोप्लास्टी, साथ ही ब्रेन ट्यूमर सहित 6 जटिल ऑपरेशन निःशुल्क कर टीम ने रचा कीर्तिमान ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर / राजगढ़ :- मध्य प्रदेश के सारंगपुर सिविल अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। यहां लगभग 25 से 30 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बेहद जटिल मेजर जनरल सर्जरी (हर्नियोप्लास्टी) को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। यह उपलब्धि क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है ।
सारंगपुर सिविल अस्पताल में पदस्थ डॉ. अंकुर देशवाली (एमएस, पीडियाट्रिक सर्जन एवं जनरल सर्जन) बच्चों और बड़ों की जटिल से जटिल सर्जरी करने में विशेषज्ञता रखते हैं । उनकी दक्षता और अनुभव के कारण ही वर्षों से असाध्य और अन्य जगहों से खारिज किए जा चुके गंभीर मामलों का इलाज अब स्थानीय स्तर पर संभव हो पा रहा है ।
नारायणपुरा निवासी 60 वर्षीय देवी सिंह पिता भेरूलाल को हर्निया की गंभीर बीमारी के साथ-साथ पेशाब में रुकावट की समस्या थी। उन्हें उच्च रक्तचाप, ईसीजी में बदलाव और छाती में संक्रमण के कारण अन्य स्थानों पर एनेस्थीसिया देने से मना कर दिया गया था। मरीज की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर थी।
ऐसी विकट परिस्थिति में जब मरीज को असहनीय दर्द और पेशाब में तीव्र रुकावट होने लगी, तब उन्होंने डॉ. अंकुर देशवाली से संपर्क किया। डॉ. देशवाली ने सूझबूझ दिखाते हुए रिजनल एनेस्थीसिया की मदद से ऑपरेशन की योजना बनाई। अस्पताल में सफलतापूर्वक हर्नियोप्लास्टी कर आंतों को यथास्थान सुरक्षित किया गया और विशेष घुलनशील मेश (जाली) लगाई गई। यह पूरा ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क किया गया। हर्नियोप्लास्टी के अलावा अस्पताल में एक ही दिन में पाँच अन्य जटिल ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किए गए ।
पचोर निवासी गणपत के सिर में माथे की हड्डी के अंदर तक गया गंभीर ब्रेन ट्यूमर था। लगभग एक घंटे चले ऑपरेशन के बाद ट्यूमर को पूरी तरह निकाल लिया गया।
16 वर्षीय बालक मोहित के शरीर पर बनी सिस्ट (गांठ) का सफल ऑपरेशन किया गया।
केलोइड बीमारी से पीड़ित दो मरीजों बशीर खान और कनक का स्कलेरोथेरेपी द्वारा सफल इलाज किया गया ।
इन सभी ऑपरेशनों को सफल बनाने में सर्जन डॉ. अंकुर देशवाली के साथ-साथ ओटी स्टाफ रचना, कटकर, भावना, प्रकाश गुर्जर तथा वार्ड बॉय गौतम का विशेष सहयोग रहा। अस्पताल की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और पूरी चिकित्सक टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया है।










