प्रदेशव्यापी आह्वान पर नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा माचलपुर ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित की जा रही तिरंगा यात्राओं की कड़ी में माचलपुर नगर में भी एक भव्य तिरंगा यात्रा दोपहर बाद निकाली गई । इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित यात्रा में देशप्रेम का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला । नगर के नर्मदा मालवा बैंक के सामने स्थित चौक यात्रा की शुरुआत हुई कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधि विधान से पूजा अर्चना की, इसके बाद हाथों में तिरंगा थामे देशभक्तों का कारवां नगर भ्रमण के लिए आगे बढ़ा ।
“देशभक्ति गीतों की धुन और स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़ाया उत्साह”
यह तिरंगा यात्रा माचलपुर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी यात्रा के दौरान बस स्टैंड चौराहे पर स्थित शहीद कल्याणमल शर्मा की प्रतिमा को सभी ने पुष्पमाला अर्पित की । साथ ही डीजे पर बज रहे देशभक्ति और राष्ट्रीय गीतों की धुन ने पूरे माहौल को राष्ट्र प्रेम के रंग में सराबोर कर दिया । ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा,इस यात्रा का मुख्य आकर्षण नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं रहे । बच्चे हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में शामिल हुए,नई पीढ़ी में देशप्रेम के इस जज्बे को देखकर नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया ।
“राष्ट्रीय गीत के साथ समापन और आभार प्रदर्शन”
नगर भ्रमण के पश्चात यात्रा पुनः अपने प्रारंभिक स्थल नर्मदा मालवा बैंक के सामने स्थित चौक पर पहुंची । यहाँ सभी ने एक सुर में राष्ट्रीय गीत (वंदे मातरम् ) की सामूहिक प्रस्तुति दी कार्यक्रम के समापन पर मंडल भाजपा अध्यक्ष अमिता अग्रवाल ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया । इस यात्रा में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, विधायक हजारीलाल दांगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद थे ।









