Edition

अन्नदाताओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस, पात्र किसानों को तुरंत मिले फसल बीमा का लाभ, प्रियव्रत सिंह !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किसान व ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वाधान में माचलपुर में विशाल प्रदर्शन, झंडा चौक पर जनसभा के बाद जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे कांग्रेसी, कार्यपालन मजिस्ट्रेट को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन ।

 घनश्याम शर्मा माचलपुर 

माचलपुर :- झंडा चौक सोसाइटी के सामने आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान धरना स्थल पर एक जनसभा का आयोजन किया गया । यह धरना प्रदर्शन किसान कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया था इस सभा को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर बरसे उन्होंने अपने तीखे संबोधन में सरकार और बीमा कंपनियों के रवैये को आड़े हाथों लिया ।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि,आज मध्य प्रदेश का अन्नदाता चौतरफा मार झेल रहा है । एक तरफ प्रकृति का प्रकोप है, तो दूसरी तरफ प्रशासनिक विफलता और संवेदनहीनता है । किसानों की गाढ़ी कमाई से फसल बीमा का प्रीमियम तो समय पर काट लिया जाता है,लेकिन जब मुआवजे और राहत राशि देने की बारी आती है, तो बीमा कंपनियां और अधिकारी नियम-कायदों का बहाना बनाकर बैठ जाते हैं,सिंह ने मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा नारायण टेक्स लेना नहीं भूलते किसान को भूल जाते ।

उन्होंने आगे कहा कि खिलचीपुर विधानसभा क्षेत्र के हजारों पात्र किसानों को खरीफ सोयाबीन फसल 2025 का बीमा लाभ न मिलना एक बड़ा घोटाला और किसानों के साथ धोखाधड़ी है । क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती ने सिंचाई व्यवस्था को ठप कर दिया है और खाद की कालाबाजारी के कारण किसान यूरिया-डीएपी के लिए सोसायटियों और दुकानों के चक्कर काट रहे हैं । प्रियव्रत सिंह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हक की इस लड़ाई को केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि सरकार को हर हाल में न्याय करने पर मजबूर कर देगी ।

“वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधन दिया कहा हक मिलने तक जारी रहेगा संयुक्त संघर्ष”

इस अवसर पर सभा को श्याम बाबू तेजरा,पूर्व विधायक डॉ. रामप्रसाद दांगी, जिला पंचायत सदस्य जसवंत गुर्जर लिंबोदा, मोहन सिंह पवार, कालू सिंह तोमर एवं सत्यनारायण सरावत ने भी संबोधित किया ।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर तीखा हमला बोला उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और खाद की किल्लत ने किसानों की कमर तोड़ दी है । प्रशासन को तुरंत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर तकनीकी कमियों को दूर करना चाहिए और पात्र किसानों को फसल बीमा का हक दिलाना चाहिए । जब तक हर एक पीड़ित किसान के खाते में सोयाबीन फसल बीमा की राशि नहीं आ जाती, तब तक संयुक्त रूप से यह लड़ाई लड़ी जाएगी ।

“सड़कों पर उतरा कांग्रेसी गगनभेदी नारों के बीच सौंपा ज्ञापन”

झंडा चौक सोसाइटी के सामने आयोजित धरना व सभा के समापन के बाद सभी वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों का एक जुलूस निकाला गया । जिसमें विभिन्न नारे,किसानों को न्याय दो, बीमा राशि का भुगतान करो, और “बिजली-खाद का संकट दूर करो” जैसे गगनभेदी नारों और किसान एकता के जयघोष के साथ यह जुलूस मुख्य मार्गों से होता हुआ तहसील कार्यालय पहुंचा ।
जहां नारेबाजी और प्रदर्शन के बीच, सभी नेताओं और किसान प्रतिनिधियों की उपस्थिति में महामहिम राज्यपाल के नाम 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन पढ़कर सुनाया तत्पश्चात कार्यपालन मजिस्ट्रेट सोनू गुप्ता को सौंपा गया । इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सिंह गुर्जर पोलखेड़ा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष ओंकारलाल गुर्जर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र गोयल, युवक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र गुर्जर,प्रकाश सोनी,दयाराम राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के किसान भाई मौजूद थे ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail