वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के मंच से बरसे पूर्व मंत्री,विधायक अमर सिंह व हजारीलाल दांगी पर दागे तीखे राजनीतिक बाण, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार को लेकर घेरा ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर / राजगढ़ :- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देश भर में चलाए जा रहे दो दिवसीय “वोट बचाओ देश बचाओ” अभियान को राजगढ़ जिले में प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने पूरी कमर कस ली है । जिला मुख्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने इस बड़े अभियान को जन-जन तक पहुँचाने की व्यापक तैयारियों की जानकारी दी । कांग्रेस ने मतदाता सूची में सामने आ रही कथित अनियमितताओं, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से हटाए जाने की आशंकाओं को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा ।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया जब पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की आगामी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर भाजपा विधायक अमर सिंह यादव के तीखे बयानों पर सवाल किया। दरअसल,राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव ने तंज कसते हुए कहा था, “आशिक का जनाजा है, हम निकाल चुके हैं यहां से,अब क्या जरूरत है उनकी यहां । जब वे मुख्यमंत्री थे तब उन्हें सनातन की याद क्यों नहीं आई” ?
इस तीखे सवाल पर पलटवार करते हुए पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने बेहद आक्रामक और सख्त रुख अपनाया। उन्होंने विरोधियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा, “इन को अभी यह समझने की बहुत जरूरत है कि दिग्विजय सिंह जी एक सच्चे और पक्के सनातनी हैं। उन पर और उनकी धार्मिक निष्ठा पर उंगली उठाने से पहले इन लोगों को अपने ज्ञान का दायरा बढ़ाना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी लगातार धर्म की आड़ में अपने मूल कर्तव्यों से भागने और धर्म की आड़ में भ्रष्टाचार फैलाने का काम कर रही है । हमारी धार्मिक आस्थाओं के साथ भाजपा द्वारा जो खिलवाड़ किया जा रहा है और सनातन के नाम पर जिस तरह आम जनता को ठगा जा रहा है, उसका पर्दाफाश इस एक महीने तक चलने वाली यात्रा के माध्यम से जनता के सामने किया जाएगा । दिग्विजय सिंह अपनी इस यात्रा के जरिए राष्ट्रवाद और सनातन धर्म को आपस में जोड़ने वाले वास्तविक बिंदुओं पर प्रकाश डालने का प्रयास कर रहे हैं ।
अमर सिंह यादव पर सीधा हमला बोलते हुए पूर्व मंत्री ने कहा, “विधायक जी कह रहे हैं कि उन्होंने आशिक का जनाजा निकाल दिया है,मैं तो उस जनाजे की बात ही नहीं कर रहा जो भोपाल में निकला,सुनने में आया कि ‘दांत तोड़ फॉर्च्यूनर फोड़’ हम पर अंगुली उठाएंगे, लेकिन में स्पष्ट संदेश देना चाहता हु कि दिग्विजय सिंह की यात्रा तुम्हारा जनजा निकलेगी बल्कि भाजपा को कब्र तक पहुंचाएगी ।असलियत यह है की जिस व्यक्ति के विधायक रहते राजगढ़ में कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाता, जिसके विधायक रहते ‘जल जीवन मिशन’ जैसी महत्वाकांक्षी योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई और उनका जनजा खुद जल जीवन मिशन के जीएम ने निकाल दिया, वो हम पर उंगलियां उठा रहे हैं ?
प्रेस वार्ता के दौरान प्रियव्रत सिंह ने खिलचीपुर के वर्तमान भाजपा विधायक हजारीलाल दांगी को भी आड़े हाथों लिया। दांगी के बयानों पर तीखा तंज कसते हुए पूर्व मंत्री ने कहा, “जो माननीय कह रहे हैं कि दिग्विजय सिंह जब मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने क्या किया,उन्हें मैं याद दिलाना चाहता हूँ कि शायद उम्र के कारण उनका मतिभ्रम हो गया है दिग्विजय सिंह जी के ही कार्यकाल में वे जिला पंचायत अध्यक्ष थे और दूसरे कार्यकाल में विधायक थे तब उन्होंने मंच से दिग्विजय सिंह जी की चापलूसी करने और उनके कसीदे पढ़ने का काम किया था । दिग्विजय सिंह जी ने जो जनहित की योजनाएं भेजीं, उनमें इनने जमकर भ्रष्टाचार किया” ।
प्रियव्रत सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा,”अब ये जो चुटकुट लाल कमीशनखोर बने घूम रहे हैं और पूछ रहे हैं कि कौन किसका जनाजा निकाल रहा है, तो इनका चरित्र पूरा जिला जानता है । इन्होंने कांग्रेस में रहकर भी गुलाब जामुन खाए और आज भाजपा में रहकर भी गुलाब जामुन खा रहे हैं । कर्मचारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग में इनका पूरा इंटरेस्ट रहता है और भ्रष्टाचार में ये नंबर वन हैं । जो सच्चे और ईमानदार कांग्रेसी थे, वो आज भी पूरी मजबूती से यहाँ संघर्ष कर रहे हैं ।”
राजगढ़ जिले से कांग्रेस कार्यकर्ता विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की दिल्ली महारैली में शामिल होने के लिए रवाना होंगे । इसके साथ ही उन्होंने भूमि आवंटन, जल जीवन मिशन, एससी-एसटी मामलों और मतदाता सूची की गड़बड़ियों की जांच कांग्रेस सरकार आने पर कराने का भरोसा दिया और इन मुद्दों को आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में शामिल करने का ऐलान किया ।










