
बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर, उनका सम्मान हमारा परम दायित्व: धनतेरस पर आशाधाम वृद्धाश्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने बिखेरीं खुशियों की फुलझड़ियाँ ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- धनतेरस के पावन पर्व पर राजगढ़ के आशाधाम वृद्धाश्रम में एक बेहद भावुक और आत्मीय नजारा देखने को मिला,जब जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गों का संबल बनने पहुंचे । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक अर्पित कुमार गुप्ता के साथ वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी ।
वृद्धाश्रम पहुंचते ही अधिकारियों ने पूरी आत्मीयता के साथ बुजुर्गों को हार-माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया । कलेक्टर और एसपी ने वरिष्ठजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और काफी देर तक उनके बीच बैठकर उनका हालचाल जाना। इस सम्मान और अपनत्व को पाकर कई बुजुर्गों की आँखें सजल हो उठीं ।
“बर्तन सेट, मिठाई और पटाखों की गूंज से मना उत्सव,समाज को दिया बड़ा संदेश”
त्योहार के उल्लास को दोगुना करने के लिए अधिकारियों ने सभी वृद्धजनों को उपहार स्वरूप बर्तन सेट और मिठाइयाँ भेंट कीं । इसके बाद अधिकारियों ने बुजुर्गों के साथ मिलकर पटाखे और फूल झड़ियाँ जलाईं । देखते ही देखते पूरा वृद्धाश्रम परिसर उमंग, उल्लास और पारिवारिक माहौल के रंग में सराबोर हो गया।
इस अनूठी पहल के जरिए प्रशासनिक टीम ने समाज को एक बड़ा संदेश दिया है । अधिकारियों ने कहा कि समाज के वरिष्ठजन हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं । त्योहारों के मौके पर उन्हें यह अहसास दिलाना जरूरी है कि वे अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा प्रशासन और समाज उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग और आशाधाम वृद्धाश्रम के तमाम अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।









