
पुण्यतिथि पर गुप्ता परिवार की अनूठी पहल, ₹50 हजार मूल्य की कॉपियाँ पाकर खिले स्कूली बच्चों के चेहरे ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :– शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों को उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम गोघटपुर में एक सराहनीय पहल देखने को मिली । इंदौर निवासी स्वर्गीय प्रोफेसर रमेश चंद गुप्ता (गोघटपुर वाले) की पुण्य स्मृति में उनके परिवार द्वारा ग्राम के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षक शिक्षिकाओं को कॉपियों का निःशुल्क वितरण किया गया।
“4 स्कूलों के विद्यार्थियों को मिला लाभ”
यह गरिमामय आयोजन ग्राम के चार प्रमुख शिक्षण संस्थानों—शासकीय हाई स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, आदर्श विद्या मंदिर एवं महारानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया । स्वर्गीय प्रो. रमेश चंद गुप्ता की धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा गुप्ता, सुपुत्र श्री नितिल गुप्ता एवं पुत्रवधू श्रीमती रेणु गुप्ता के सौजन्य से कुल 1500 कॉपियाँ वितरित की गईं इन उच्च गुणवत्ता वाली कॉपियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है ।
नया शिक्षण साहित्य और कॉपियाँ प्राप्त करने के बाद स्कूली बच्चों के चेहरों पर भारी उत्साह और खुशी देखी गई। ग्रामीणों और शिक्षकों ने गुप्ता परिवार की इस समाजोपयोगी और शिक्षा हितैषी पहल की मुक्तकंठ से सराहना की ।
“आयोजन में जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी रहे मौजूद”
कॉपी वितरण के इस पुनीत कार्य के दौरान ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से सरपंच योगेश गुप्ता, श्याम सिंह चौहान (पटेल), दामोदर पाटीदार, गोविंद मेरोठा, रामसिंह राठौर, बलराम पाटीदार, मोहन राठौर और बजरंग राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे । सभी ने स्वर्गीय प्रोफेसर साहब को याद करते हुए उनके परिवार के इस कदम को प्रेरणादायी बताया ।









