अंडर-17 में रॉयल स्कूल ने जीता खिताब, प्रज्ञा पब्लिक द्वितीय व काशी गुरुकुल तीसरे स्थान पर रहे, विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार और मेडल ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- आदर्श विद्या मंदिर के तत्वाधान में आयोजित प्रथम बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ, प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों से आईं विभिन्न स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया और मैदान पर अपने उत्कृष्ट व रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री ज्ञानसिंह गुर्जर, पार्षद पवन राठौर एवं संस्था संचालक जगदीश गुर्जर ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर की । मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया और हर मुकाबले पर दर्शकों ने तालियों से बालिकाओं का हौसला बढ़ाया।
“विजेता टीमों पर हुई पुरस्कारों की बौछार”
प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए रॉयल स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया । वहीं प्रज्ञा पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और काशी गुरुकुल ने तृतीय स्थान हासिल किया सभी विजेता टीमों को नायाब तहसीलदार रणधीर सिंह मीणा, स्कूल संचालक जगदीश गुर्जर, खेल शिक्षक यशवंत भाटी और पटवारी भेरुलाल दांगी द्वारा शील्ड एवं मेडल से सम्मानित किया गया । इसके साथ ही आदर्श विद्या मंदिर की ओर से जगदीश गुर्जर द्वारा विजेता टीमों को नकद राशि के चेक वितरित किए गए इसमें प्रथम स्थान को 5100 रुपये, द्वितीय स्थान को 3100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2100 रुपये का चेक प्रदान किया गया ।
“खेलों से बढ़ता है आत्मबल अतिथि”
इस अवसर पर नायाब तहसीलदार रणधीर सिंह मीणा,भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर व जगदीश गुर्जर ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए जीवन में खेल के महत्व को समझाया अतिथियों ने कहा कि खेल हमें जीवन में हमेशा अनुशासित रहना सिखाते हैं। बालिकाओं को खेल जगत में आगे बढ़ने और हमेशा जमीन से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया ।
“आयोजन समिति और सहयोगियों का आभार”
कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान देने वाले खेल शिक्षक अरविंद गोस्वामी,आलम कोतवाल, सोनू राठौर, यशवंत भाटी, संदीप प्रजापति, राकेश प्रजापति, संजय शर्मा, हुकमसिंह बरदानिया, हुकमसिंह टेलर, ईश्वर सिंह परमार, रविंद्र सिंह सोनगरा और पवन अग्रवाल को संस्था द्वारा हार-फूल और माला पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के सैकड़ों खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।









