इंदौर-बैतूल हाईवे पर नाकेबंदी के दौरान वारदात; डिवाइडर पर गाड़ी चढ़ाकर टीआई के ऊपर से निकाला पिछला पहिया, पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
देवास/खातेगांव / माचलपुर :- मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है । इंदौर-बैतूल हाईवे (नेमावर रोड) पर अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप कुमार पुरी को तस्करों ने अपने आयशर वाहन से कुचल दिया, इस गंभीर हादसे में बुरी तरह घायल हुए टीआई पुरी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक सीपीआर (CPR) और भरसक इलाज देकर उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक चोटों और खून बह जाने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया ।
“देर रात मिली थी तस्करी की इनपुट, पुलिस टीम कर रही थी पीछा”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार-सोमवार की दरमियानी रात टीआई दिलीप पुरी को सूचना मिली थी कि एक आयशर वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लोड होकर जा रही है । सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वे अपनी टीम के साथ तत्काल हाईवे पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस की एक अन्य टीम भी उसी संदिग्ध आयशर वाहन का लगातार पीछा कर रही थी। नाकेबंदी और घेराबंदी देखकर तस्करों ने घबराहट में अपने वाहन को हाईवे के डिवाइडर के पास रोक रखा था ।
“नीचे उतरने को कहा,तो डिवाइडर पर चढ़ा दिया वाहन”
जैसे ही टीआई दिलीप पुरी उस संदिग्ध गाड़ी के पास पहुंचे और उन्होंने चालक को नीचे उतरने का निर्देश दिया, चालक ने वाहन को सरेंडर करने के बजाय उसकी रफ्तार अचानक बढ़ा दी । आरोपी ने ट्रक आयशर ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 को सीधे डिवाइडर पर चढ़ाते हुए आगे बढ़ा दिया, इस दौरान वाहन का पिछला भारी पहिया सीधे टीआई पुरी के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनके शरीर में कई अंदरूनी और गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही भारी मात्रा में रक्तस्राव हो गया ।
“आरोपी ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, हरदा के शराब सिंडिकेट का पर्दाफाश”
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर आगे बढ़ा और संदलपुर इलाके में गाड़ी को लावारिस छोड़कर भागने की फिराक में था। हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए देवास पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य मिश्रा ने तड़के ही मौके पर पहुंचकर कन्नौद, सतवास और खातेगांव पुलिस की 5 से अधिक टीमें गठित कीं । प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शराब से लदे आयशर ट्रक को जब्त कर मुख्य आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है । शुरुआती जांच में इस अवैध शराब तस्करी नेटवर्क में हरदा के एक बड़े तस्कर राहुल जायसवाल का नाम सामने आया है, और देवास के भी कुछ स्थानीय तस्करों के इस सिंडिकेट में शामिल होने की पुष्टि हुई है।
“राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई”
कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद टीआई दिलीप कुमार पुरी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी । पुलिस विभाग और जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत जांबाज अधिकारी को अंतिम सलामी दी जाएगी, टीआई पुरी इससे पहले इंदौर के हीरा नगर और चंदन नगर थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। इस दुखद घटना से पूरे पुलिस महकमे और क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने हत्या व तस्करी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर सिंडिकेट के अन्य फरार नेटवर्क की धरपकड़ के लिए दबिश तेज कर दी है।









