ग्राम बावली में चल रहा था हार-जीत का दांव; ₹69,900 नगद, 4 बाइक और 8 मोबाइल समेत ₹3.59 लाख का मशरूका जब्त ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- जिले में जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लीमाचौहान पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ग्राम बावली में तालाब के पीछे सुनसान इलाके में बावन पत्तों पर दांव लगा रहे 8 जुआरियों को रंगे हाथ दबोचा है । पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नगदी समेत कुल 3 लाख 59 हजार रुपये का मशरूका जब्त करने में कामयाबी हासिल की है । यह पूरी कार्रवाई एसपी अमित तोलानी के निर्देशन, एएसपी के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी सारंगपुर मुकेश सुनेया के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई ।
“मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने डाली दबिश”
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बेलवंशी ने बताया कि 5 नवंबर को पुलिस टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर गश्त पर थी । इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बावली में तालाब के पीछे कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं सूचना की तस्दीक करते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत टीम का गठन किया और पंचों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे । पुलिस ने बेहद सूझबूझ और चालाकी से घेराबंदी करते हुए मौके से सभी 8 आरोपियों को ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए रंगे हाथ दबोच लिया ।
“केस दर्ज, पुलिस ने की भारी जब्ती”
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना लीमाचौहान में अपराध क्रमांक 315/26, धारा 13 (पब्लिक गैंबलिंग एक्ट 1976) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है । पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान बरामद किया है :-नगद राशि: ₹69,900,वाहन: 4 मोटर साइकिलें (1 अपाचे, 1 स्प्लेंडर और 2 एचएफ डीलक्स) अन्य सामग्री: 8 मोबाइल फोन और 52 ताश के पत्ते कुल जब्त मशरूके की अनुमानित कीमत 3 लाख 59 हजार रूपये है
“इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी”
मुकेश यादव उम्र 39 वर्ष निवासी: कोलवाड़,खुजनेर ललित किरार 25 वर्ष निवासी सेमलीलोढ़ा छापीहेड़ा, पवन कुम्हार उम्र 30 वर्ष निवासी पचोर , रामविलास किरार उम्र 40 वर्ष निवासी सेमलीलोढ़ा ,कमल माली उम्र 39 वर्ष निवासी कोलवाड़, खुजनेर ,दिनेश यादव उम्र 50 वर्ष निवासी कोलवाड़, खुजनेर, सुरेश खटीक उम्र 44 वर्ष निवासी खुजनेर सुनील तंवर उम्र 39 वर्ष निवासी सुस्याहेड़ी, छापीहेड़ा । इस सफल और त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बेलवंशी के साथ सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) ताराचंद कुबरे, संतोष मंडलोई, प्रधान आरक्षक शिवकुमार तिवारी, पवन शर्मा, आरक्षक रामगोपाल, कृष्णगोपाल मीणा, चालक राकेश चोखटिया और सैनिक वीरपाल की विशेष व सराहनीय भूमिका रही ।









