
राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार रणधीर सिंह मीणा को सौंपा ज्ञापन; 24 घंटे में जले ट्रांसफार्मर बदलने और 10 घंटे बिजली सप्लाई की मांग ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर/रामगढ़ :- अयोध्या स्थित राममंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना और क्षेत्र में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने उग्र मोर्चा खोल दिया। माचलपुर ब्लॉक के रामगढ़ मंडलम में आक्रोशित कांग्रेसी नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” “कुर्सी के दलाल होश में आओ” और बिजली कंपनी विरोधी गगन भेदी नारे लगाते हुए रामगढ़ गांव के प्रमुख मार्गों से एक विशाल पैदल मार्च निकाला । इस दौरान समूचा क्षेत्र सरकार और प्रशासन विरोधी नारों से गूंज उठा। मार्च के समापन पर महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार रणधीर सिंह मीणा को सौंपा गया ।
“10 घंटे निर्बाध बिजली और लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की मांग”
ज्ञापन में कांग्रेस ने बिजली कंपनी की अनियमितताओं पर कड़ा प्रहार करते हुए मांग की है कि ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में कम से कम 10 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाए । इसके साथ ही क्षेत्र में महीनों से धूल खा रहे जले हुए ट्रांसफार्मरों को आगामी 24 घंटे के भीतर बदला जाए । कांग्रेस नेताओं ने दोटूक कहा कि विद्युत विभाग के लापरवाह अधिकारी और कर्मचारियों की मनमानी के कारण किसान और आम जनता त्रस्त है, फोन तक नहीं उठाते इसलिए ऐसे दोषी कर्मियों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए। राममंदिर में हुई चोरी के मामले में भी उचित जांच और कार्रवाई की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई ।
“वरिष्ठ कांग्रेसीयो की मौजूदगी में हुआ आयोजन”
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्याम बाबू तेजरा, ब्लॉक कांग्रेस माचलपुर अध्यक्ष यशवंत सिंह गुर्जर पोलखेड़ा,विधानसभा प्रभारी राजेश रातलिया और सह विधानसभा प्रभारी पंकज भंडारी ने किया। प्रदर्शन के दौरान जनपद उपाध्यक्ष बालचन्द गुर्जर, माचलपुर ब्लॉक प्रभारी हरिसिंह तंवर और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सिंह पोलखेड़ा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राज में न तो देवस्थान सुरक्षित हैं और न ही किसान न युवा। बिजली न मिलने से फसलें बर्बाद हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने बैठे हैं आज हालत ये की कोई सुनने को तैयार नहीं ।
“प्रशासन को दी चक्काजाम की सीधी चेतावनी”
पैदल मार्च में रामगढ़ मंडलम अध्यक्ष रानू बना, धर्मेंद्र गोयल, सुरेंद्र गुर्जर, बलवंत सिंह, कालूसिंह राठौर और धर्मेंद्र गुर्जर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जांबाज कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन को सीधी चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में जले ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पूरी विधानसभा में उग्र चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी ।









