
खारचाखेड़ी में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश, नाटक के जरिए तंबाकू के दुष्परिणाम बता लोगों को दिलाया संकल्प
घनश्याम शर्मा
राजगढ़ / माचलपुर :- विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा ब्रह्माकुमारी संस्थान के सहयोग से तंबाकू निषेध पर नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम खारचाखेड़ी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस अवसर पर संस्थान से जुड़े भाई-बहनों ने नाटक की प्रस्तुति के माध्यम से ग्राम वासियों को नशामुक्त रहने का संदेश दिया तथा तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया । प्रतिभागियों ने नशामुक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशे की आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों तथा इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई । इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय डॉ. ज्योति राजोरे एवं ब्रह्माकुमारीज़ की जिला प्रभारी सुश्री बी.के. मधु दीदी उपस्थित रही उन्होंने सभी से अपील की, कि जो भी किसी प्रकार के नशे अथवा व्यसन की गुलामी में फंसे हुए हैं, वे आज ही संकल्प लें कि इन बुराइयों का त्याग कर स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानपूर्ण जीवन की ओर कदम बढ़ाएंगे । आयोजन का मुख्य आकर्षण नाटक प्रस्तुतिकरण रहा जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पान, तंबाकू, सिगरेट, शराब एवं ड्रग्स जैसे व्यसन मानव जीवन को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से बर्बाद कर रहे हैं ।
कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया । अंत में प्रतिज्ञा दिलाते हुए तंबाकू, शराब और अन्य नशों से दूर रहकर स्वयं के साथ-साथ परिवार एवं समाज को भी स्वस्थ और सुरक्षित बनाने का संकल्प कराया ।










