
ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत गुर्जर की चेतावनी,लोड मैनेजमेंट के नाम पर भेदभाव बंद हो, वरना होगा चक्काजाम ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :– ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर क्षेत्र में सियासत गरमा गई है । माचलपुर ब्लॉक में कांग्रेस ने इस मुद्दे पर प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पीड़ित ग्रामीणों ने तीन जगह ज्ञापन सौंपा जिसमें विद्युत मंडल में कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार वर्मा तहसील में नायब तहसीलदार को व पुलिस थाने में पहुंच कर एक ज्ञापन सौंपा और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया ।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण अंचलों में रात के समय बिजली की भारी आंख-मिचौली चल रही है । गांवों में हालत यह है कि यदि एक घंटा बिजली चालू रहती है,तो अगले दो घंटे के लिए काट दी जाती है जब इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा जाता है,तो उनकी ओर से सिर्फ एक ही रटा-रटाया जवाब मिलता है ऊपर से लोड सेटिंग चल रही ।
“त्योहारों के समय भी अंधेरा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश”
विद्युत मंडल को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर यह कैसा लोड मैनेजमेंट है, जिसमें शहरों को तो 24 घंटे पूरी बिजली मिल रही है, लेकिन गांवों को सिर्फ अंधेरा नसीब हो रहा है ? वर्तमान में नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है, लेकिन बिजली कटौती के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में गरबा और अन्य धार्मिक आयोजनों में भारी व्यवधान उत्पन्न हो रहा है । ग्रामीणों ने बताया कि अघोषित कटौती के चलते छोटे-छोटे बच्चे रातभर उमस और गर्मी में सो नहीं पा रहे हैं। वहीं,दिन भर खेतों में खून पसीना बहाने वाला किसान रात को घर लौटने के बाद चैन नहीं सो पा रहा है ।
“मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी”
ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत सिंह गुर्जर ने भाजपा सरकार और बिजली विभाग को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि लोड मैनेजमेंट के नाम पर ग्रामीण जनता के साथ यह सौतेला व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा विभाग तुरंत शहर और गांव के लिए बिजली की समान व्यवस्था सुनिश्चित करे ।
कांग्रेस ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि इस गंभीर समस्या का तत्काल और स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीण जनता के हक के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी । इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सिंह गुर्जर, बालचन्द गुर्जर कांग्रेस अध्यक्ष आईटी सेल विधानसभा खिलचीपुर,
धर्मेंद्र सिंह गुर्जर मंडलम अध्यक्ष, देवसिंह गुर्जर ब्लाक महासचिव, सुनील बरदानिया यूथ कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष, रवि तेजरा, नितेश तेजरा, देशराज सिंह जोधाना ब्लॉक अध्यक्ष आईटी सेल,प्रतापसिंह गुर्जर लिंम्बोदा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे ।










