Edition

भैंसवा बिजासन धाम तक निकलेगी 101 मीटर की भव्य चुनर यात्रा, जयकारों और ढोल-नगाड़ों से गूंजेगा सारंगपुर !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

16 अक्टूबर को सुबह 7 बजे शीतला माता मंदिर से होगी शुरुआत, मंत्री गौतम टेटवाल और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल होंगे शामिल – 2 किमी पर फलाहार की व्यवस्था ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर /सारंगपुर :-शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सारंगपुर में मां भैंसवा बिजासन महारानी की भव्य चुनर यात्रा 16 अक्टूबर को निकलेगी। इस वर्ष भी 101 मीटर लंबी चुनर के साथ यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर भैंसवा धाम तक पहुंचेगी ।

हिंदू उत्सव समिति के नेतृत्व में यह संगीतमय चुनर यात्रा प्रातः 7 बजे बागकुआं टंकी स्थित शीतला माता मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा, बच्चे और नगरवासी शामिल होंगे ।

“यह रहेगा यात्रा मार्ग”

चुनर यात्रा शीतला माता मंदिर से प्रारंभ होकर अंबे माता मंदिर, मुखर्जी चौक, महाकाल चौराहा, गांधी चौक, टेंशन चौराहा, भेरू दरवाजा, नजीबाबाद स्कूल, दीनदयाल चौराहा, नवीन बस स्टैंड और महाराणा प्रताप चौराहे से होते हुए भैंसवा माता धाम पहुंचेगी। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में चुनर अर्पित की जाएगी।

यात्रा में ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे, आकर्षक झांकियां, ध्वज दल और भजन-कीर्तन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। नगर के प्रमुख मार्ग जयकारों से गूंज उठेंगे ।

“मंत्री टेटवाल ने दी शुभकामनाएं”

प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कहा, “मां भैंसवा बिजासन के प्रति क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था हमारी सांस्कृतिक परंपरा की पहचान है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। मां के चरणों में चुनर अर्पित करना क्षेत्र की सुख-समृद्धि की सामूहिक प्रार्थना है।”

“तैयारियों को लेकर बैठक”

यात्रा की तैयारियों को लेकर साई मंदिर में हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष ध्रुव भल्ला के नेतृत्व में सर्व हिंदू समाज की बैठक हुई। सर्वसम्मति से संजय विजयवर्गीय को यात्रा प्रभारी और अमित पुष्पद व लोकेश सोलंकी को सह-प्रभारी बनाया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर 2 किलोमीटर पर फलाहार एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई है ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail