Edition

माचलपुर में श्रद्धा का सैलाब: ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ निकली भव्य चुनरी यात्रा !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मां भद्रकाली को अर्पित की 51 मीटर लंबी चुनर, नगर में जगह जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत शक्ति की भक्ति में डूबा पूरा नगर ।

 घनश्याम शर्मा माचलपुर 

माचलपुर :- नगर में बुधवार को मां भद्रकाली के प्रति श्रद्धा और अटूट भक्ति का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। क्षेत्र के प्रसिद्ध और प्राचीन मां भद्रकाली मंदिर में माता रानी को 51 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करने के लिए बजंरग मानस मंडल के तत्वावधान में एक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई । इस धार्मिक आयोजन में नगर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया ।

“ईमली वाले बालाजी मंदिर से शुरू हुई यात्रा,नंगे पैर थामी चुनरी”

चुनरी यात्रा का शुभारंभ इमली वाले बालाजी मंदिर में विधि विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ । इसके बाद श्रद्धालु 51 मीटर लंबी चुनरी को अपने हाथों में थामकर मां भद्रकाली के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े माता रानी के प्रति अपनी अगाध आस्था प्रकट करने के लिए कई भक्त पूरी यात्रा में नंगे पैर चले । डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों और भजनों की धुन पर महिलाएं, पुरुष और बच्चे नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘जय माता दी’ के गगनभेदी उद्घोष से पूरा यात्रा मार्ग गूंज उठा ।

“जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ भव्य स्वागत”

इमली वाले बालाजी मंदिर से शुरू होकर यह यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। चुनरी यात्रा को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया । जिन रास्तों से भी यात्रा निकली, वहां लोगों ने अपने घरों के सामने खड़े होकर श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश की और यात्रा का भव्य स्वागत किया । जगह-जगह हुए इस आत्मीय स्वागत ने भक्तों के उत्साह को और दो गुना कर दिया ।

‘मंत्रोच्चार के साथ चढ़ाई चुनरी,मांगी सुख-समृद्धि की कामना”

विभिन्न मार्गों से होते हुए चुनरी यात्रा मां भद्रकाली मंदिर परिसर पहुंची । यहाँ पंडितों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के बीच माता रानी को 51 मीटर लंबी चुनरी ओढ़ाई गई। चुनरी अर्पण के दौरान पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां भद्रकाली के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और अपने परिवार सहित पूरे क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर माता जी की महाआरती की गई और उपस्थित सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया ।

“सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन”

इतनी बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़ को देखते हुए कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। यात्रा मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो और आवागमन सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए पुलिस कर्मियों ने पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रशासन के सहयोग से सभी श्रद्धालुओं ने बेहद शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से मां भद्रकाली के दरबार में हाजिरी लगाई। धार्मिक उत्साह और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न हुई इस चुनरी यात्रा की चर्चा पूरे क्षेत्र में है।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail