
कलेक्टर ने ग्राम टांडी पहुंचकर रजिस्ट्री प्रक्रिया का औचक निरीक्षण किया, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर / राजगढ़ :- कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सोमवार को राजगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम टांडी का औचक दौरा किया। यहाँ उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘स्वामित्व योजना’ के तहत ग्रामीणों के घरों व संपत्तियों की की जा रही रजिस्ट्रियों (पंजीयन) की जमीनी हकीकत का जायजा लिया । निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर चल रहे कार्यों को बारीकी से देखा और उपस्थित राजस्व व संबंधित विभाग के अधिकारियों से योजना की अब तक की प्रगति और आ रही व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की ।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री से जुड़े सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों और नियमों के अनुरूप ही सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है । इसके लिए रजिस्ट्री से पहले आवश्यक सभी दस्तावेजों व अभिलेखों की गहनता से जांच की जाए, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को अपना हक पाने में परेशानी न हो और अपात्रों को इसका लाभ न मिल सके ।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साफ किया कि इस जन कल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय (तालमेल) के साथ काम करने की हिदायत दी, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित, त्रुटिहीन और समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को सुगमता से योजना का लाभ दिलाना है और इसके लिए आवश्यक हर कदम उठाए जा रहे हैं ।










