रिकॉर्ड 99.75% मतदान के साथ संपन्न हुई ऐतिहासिक चुनाव प्रक्रिया; संजय सोनी रामगढ़ बने नए अध्यक्ष, सूरज सोनी को मिले 35 मत ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- राजगढ़ जिले के अंतर्गत नगर माचलपुर सामाजिक नवाचार का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। यहाँ श्री मेंढ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज पंचायत ने जिले में पहली बार एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए पुरानी परंपराओं की जगह आधुनिक लोकतांत्रिक प्रणाली को अपनाया । समाज के इतिहास में पहली बार पारदर्शी और निष्पक्ष गुप्त मतदान प्रक्रिया के जरिए नए अध्यक्ष का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया । इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देना और सभी सदस्यों की समान भागीदारी सुनिश्चित करना था ।
आधुनिक प्रणाली से हुआ ऐतिहासिक मतदान
इस पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को आधुनिक और सुव्यवस्थित रूप देने में श्री दिनेश जी स्वर्णकार एवं श्री प्रकाश जी स्वर्णकार ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से समाज को पहली बार इस आधुनिक मतदान प्रणाली से जुड़ने का अवसर मिला। मतदान को संपन्न कराने के लिए पीठासीन अधिकारी के रूप में प्रेम नारायण सोनी एवं गोविंद जी सोनी ने अपनी सेवाएं दीं। समाज के संरक्षक हरि बल्लभ सोनी पटेल के कुशल निर्देशन में पूरी गुप्त मतदान प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी और अनुशासित तरीके से पूरा किया गया ।
चुनाव को लेकर समाज के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में भारी उत्साह देखा गया। समाज के कुल 86 योग्य मतदाताओं में से 84 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 99.75 प्रतिशत ऐतिहासिक मतदान दर्ज किया गया, जो समाज की एकजुटता और जागरूकता को दर्शाता है ।
मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद जब मतों की गणना की गई, तो मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी श्री संजय जी सोनी (रामगढ़) को कुल 47 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी श्री सूरज जी सोनी (कुमड़ा) को 35 मत मिले। वहीं 02 वोट ‘नोटा’ के खाते में गए ।
इस प्रकार संजय सोनी को समाज का नया अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। परिणाम सामने आते ही पूरा परिसर हर्षोल्लास से गूंज उठा। मतदान स्थल पर ही समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत व सम्मान किया। उपस्थित वरिष्ठ जनों और समाज के सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










