Edition

माचलपुर में धूमधाम से मना महाराजा अग्रसेन का जन्मोत्सव, 51 फीट की चुनरी यात्रा रही आकर्षण का केंद्र !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पांच दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य समापन; मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान, समाज हित में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर :- समाजवाद के प्रणेता, त्याग और अहिंसा के प्रतीक महाराजा अग्रसेन जी का जन्मोत्सव माचलपुर नगर अग्रवाल समाज द्वारा बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । महाराजा अग्रसेन का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का पुंज है, उन्होंने ‘एक रुपया और एक ईंट’ का कालजयी सिद्धांत देकर समाज में समानता और बंधुत्व की अलख जगाई थी । उनका संदेश था कि समाज का कोई भी व्यक्ति भूखा या बेघर न रहे और हर संपन्न व्यक्ति कमजोर वर्ग को आगे बढ़ाने में मदद करे इसी लोक-कल्याणकारी सोच और महाराजा अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए अग्रवाल समाज ने इस वर्ष पांच दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया ।

“पांच दिनों तक चला सांस्कृतिक व खेल गति विधियों का रंगा रंग दौर”

जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में पांच दिनों तक महिला मंडल व युवा मंच के तत्वाधान में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ । इन आयोजनों में समाज की महिलाओं, पुरुषों, युवकों और युवतियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक,हर वर्ग में उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा गया ।

“नगर में निकली भव्य शोभायात्रा,51 फीट की चुनर चढ़ाई मावलिया माता को”

अग्रसेन जयंती के मुख्य दिन नगर में महाराजा अग्रसेन जी की एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई । शोभायात्रा समाज की धर्मशाला से बैंडबाजों के साथ शुरू हुई जिसमें मुख्य आकर्षण का केंद्र महाराजा अग्रसेन की बेहद आकर्षक और मनमोहक चलित झांकी थी । शोभायात्रा नगर से जिधर से गुजरी वहा जगह-जगह समाजजनों ने महाराज की पूजन-आरती कर स्वागत किया, वही विभिन्न समाजों द्वारा शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया,यात्रा में महिलाओं द्वारा 51 फीट लंबी चुनर लिए आकर्षक परिधान पहने चल रही थी ।

वही शोभायात्रा में शामिल वाद्ययंत्रों की मधुर धुन व भजनों पर महिला और पुरुष श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करते हुए चल रहे थे । यह भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई डुंगरी रोड स्थित समाज की कुलदेवी मावलिया माता मंदिर पहुंची यहाँ पूरे विधि-विधान से माता रानी को 51 फीट की चुनर ओढ़ाई गई और महाआरती की गई प्रसाद वितरण किया ।

“धर्मशाला में ध्वजारोहण और मेधावी छात्रों का सम्मान”

इसके पश्चात समाज की धर्मशाला में महाराजा अग्रसेन की आरती उतारी गई और समाज अध्यक्ष द्वारा गरिमामय उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया । दोपहर में अग्रवाल समाज की आमसभा का आयोजन हुआ जिसमें समाज के मेधावी छात्र छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया बैठक में सर्व सम्मति से समाज हित और जनकल्याण से जुड़े कई महत्व पूर्ण निर्णय भी लिए गए ।

महोत्सव के अंतिम दिन रविवार देर रात्रि तक समाज जनों के लिए ‘तोलमोल के बोल’ नामक बेहद दिलचस्प गेम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया । कार्यक्रम के अंत में पांच दिनों तक चलीं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथियों और समाज के वरिष्ठ जन द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया । समाज अध्यक्ष शरद माधावत ने सफल आयोजन के लिए पूरे अग्रवाल समाज और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail