घाटाखेड़ी रोड पर खेत में ही हुई आधुनिक खेती की पाठशाला, विशेषज्ञों ने बताया – सही बीज चयन और वैज्ञानिक प्रबंधन से होगा दोगुना मुनाफा ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर / खुजनेर :- किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और उन्नत बीजों से जोड़ने के लिए ग्राम कल्याखेड़ी में एक विशेष किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। जेंटेक्स एग्री इनपुट द्वारा आयोजित यह गोष्ठी घाटाखेड़ी रोड स्थित किसान लाखन सिंह के खेत पर लगाए गए GS-555 मक्का के डेमो प्लॉट पर हुई, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे।
गोष्ठी में किसानों ने खेत पर पहुंचकर GS-555 मक्का फसल का अवलोकन किया। फसल की शानदार बढ़वार, पौधों की ऊंचाई और भुट्टों की स्थिति को देखकर किसान काफी प्रभावित हुए। कृषि विशेषज्ञों ने मौके पर ही किसानों को फसल प्रबंधन की बारीकियां समझाईं ।
“खेत बना प्रयोगशाला, विशेषज्ञों ने दिए टिप्स”
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किताबी ज्ञान नहीं बल्कि खेत में ही व्यावहारिक जानकारी देना था। विशेषज्ञों ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बताया कि कम लागत में अधिक उत्पादन कैसे लिया जा सकता है। किसानों को सही बीज का चयन, समय पर खाद-पानी, कीट प्रबंधन और वैज्ञानिक तरीके अपनाने के गुर सिखाए गए, जिससे उत्पादन और मुनाफा दोनों बढ़े ।
किसानों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी जिज्ञासाएं रखीं और विशेषज्ञों से सवाल-जवाब किए। ग्रामीण अंचल के किसानों के लिए यह आयोजन खेती की नई तकनीकों को करीब से समझने का बेहतरीन अवसर साबित हुआ ।










