Edition

खिलचीपुर के ‘फलोदी सुपर बाजार’ में भीषण आग; विधायक कार्यालय के पास मची अफरा-तफरी, लाखों का नुकसान !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुधवार सुबह करीब 9 बजे भड़कीं लपटें,1 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार, दमकल के देरी से पहुंचने पर गुस्साए व्यापारियों का चक्काजाम ।

 घनश्याम शर्मा माचलपुर 

माचलपुर /खिलचीपुर :- खिलचीपुर नगर के हृदय स्थल में स्थित फलोदी सुपर बाजार में बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई । घटनास्थल विधायक कार्यालय, एसडीओपी कार्यालय और तहसीलदार निवास के ठीक पास होने के कारण प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया । आग इतनी भयावह थी कि उसकी ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया । इस भीषण अग्निकांड में सुपर मार्केट के भीतर रखा लाखों रुपये का किराना और जनरल सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है ।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला । चूंकि सुपर मार्केट विधायक कार्यालय और प्रशासनिक परिसर के बेहद नजदीक है, इसलिए प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग को आसपास की अन्य दुकानों और सरकारी कार्यालयों में फैलने से रोकने की रही । दमकल कर्मियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछारें कर आग पर काबू पाया ।

“दमकल की लेटलतीफी पर फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे व्यापारी”

आग लगने के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नगर पालिका और दमकल विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए । लोगों का कहना था कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ियां काफी देरी से पहुंचीं, जिससे नुकसान बढ़ता चला गया। इससे आक्रोशित होकर व्यापारियों ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने नाराज भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल हो सका ।

“शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका, जांच शुरू”

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का सटीक आधिकारिक आकलन हो सकेगा ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail