
आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प, थाना प्रभारी बोले – नशे में वाहन न चलाएं, घायल की करें मदद ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- नगर में पुलिस विभाग और आदर्श विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यातायात जनजागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। थाना प्रभारी आदित्य सोनी और विद्यालय संचालक जगदीश गुर्जर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यालय संचालक और विद्यालय परिवार ने थाना प्रभारी और उनकी पूरी टीम का सम्मान किया।
रैली माचलपुर थाने के तत्वावधान में निकाली गई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थी और स्टाफ बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी आदित्य सोनी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वाहन हमेशा हेलमेट पहनकर चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, नशा करके वाहन न चलाएं। सड़क दुर्घटना में कोई घायल हो तो उसकी मदद करें। हमें सबको जागृत करना है जिससे किसी अनहोनी से बचा जा सके। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का लाइसेंस नहीं बनता, इसलिए उन्हें वाहन नहीं चलाना चाहिए।
इस दौरान थाने से प्रधान आरक्षक अवधेश, रूपेश बैरागी, ओमप्रकाश मीणा, मनीष जाट, एएसआई बाबूलाल दसिया, प्रदीप सोलंकी, पप्पू दांगी, सीताराम सहित पुलिस टीम और विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।










