
सीईओ जिला पंचायत ने किया शुभारंभ, बोले – सही मार्गदर्शन से ही संवरता है किशोर जीवन, उमंग क्लिनिक की स्टाफ और उत्कृष्ट साथिया हुए सम्मानित ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर:– राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत बुधवार को जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय ‘साथिया समागम’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने किया ।
इस अवसर पर सीईओ डॉ. गढ़पाले ने साथिया कार्यक्रम की कार्यप्रणाली को समझा और साथिया बच्चों से सीधे संवाद कर उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही गतिविधियों एवं जनजागरूकता कार्यों की विस्तार से जानकारी ली ।
उन्होंने कहा कि किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के कारण किशोर-किशोरियों के मन में अनेक जिज्ञासाएं और प्रश्न उत्पन्न होते हैं। यदि सही समय पर उन्हें सही मार्गदर्शन और सटीक जानकारी मिल जाए, तो उनके मन में नकारात्मक भाव पैदा नहीं होते। कम आयु में विवाह, नशा और गलत संगति पूरे जीवन को अंधकारमय बना सकती है।
कार्यक्रम में किशोर-किशोरियों ने इन्हीं संवेदनशील विषयों पर जीवंत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए, जिनकी उपस्थितजनों ने जमकर सराहना की ।
“उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित”
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत संचालित ‘उमंग क्लिनिक’ में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने के लिए जिला चिकित्सालय से तनुशिखा, ब्यावरा से कविता दांगी तथा पचोर से प्रीति यादव को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही जिले में साथिया बच्चों का शत-प्रतिशत डेटा संकलन करने के उल्लेखनीय कार्य के लिए सारंगपुर के मास्टर ट्रेनर संदीप भिलाला को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सीईओ जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले एवं मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल द्वारा प्रत्येक विकासखंड से चयनित दो-दो आशा कार्यकर्ताओं व आशा सुपरवाइजरों के अलावा RKSK कार्यक्रम में निरंतर सहयोग देने वाले शिक्षकों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मंच से सम्मानित किया गया।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा, डीसीएम सुनील वर्मा, यूएनएफपीए प्रतिनिधि नेहा पांडे, बीएम लखन सिंह, कार्यक्रम समन्वयक वरुण दुबे सहित समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और ब्लॉक कम्युनिटी मैनेजर मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।










