Edition

नारीशक्ति समाज की शक्ति और संस्कारों की आधारशिला – राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्यावरा के मोहनीपुरा और सुठालिया में आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, पोषण किट और प्रमाण-पत्र वितरित किए ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर /राजगढ़ :- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत विकासखंड ब्यावरा के ग्राम मोहनीपुरा एवं सुठालिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार ने सहभागिता कर नारीशक्ति एवं नागरिकों से संवाद किया ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। राज्यमंत्री पंवार ने मोहनीपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए संचालित पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, मातृ सहायता एवं महिला कल्याण से संबंधित सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए ।

कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण किट प्रदान की गई तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान लाभार्थी माताओं ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव भी साझा किए ।

“आंगन मिलन सेवा संवाद, सेवा और जनभागीदारी का माध्यम”

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी को घर-घर तक पहुंचाने और हितग्राहियों से सीधे संवाद का माध्यम है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता और अन्य मैदानी कार्यकर्ता शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं ।

“नारीशक्ति परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला”

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुआ सेवा संकल्प अभियान जनसेवा के माध्यम से राष्ट्रसेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति और सम्मान का स्वरूप माना गया है। नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज के संस्कारों और आने वाली पीढ़ी के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

“स्वच्छता और पौधरोपण का संदेश”

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता जागरूकता एवं पौधरोपण गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने नागरिकों से पौधरोपण करने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हितग्राहियों ने योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail