
झिरी मंदिर के सामने भिड़े दो पक्ष; प्राथमिक उपचार के बाद सारंगपुर से शाजापुर रेफर, पुलिस जांच में जुटी।।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
सारंगपुर / माचलपुर :– पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार शाम बायपास रोड स्थित झिरी मंदिर के सामने दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया । देखते ही देखते कहा सुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया इस खूनी संघर्ष में एक पक्ष से पड़ाना के सरपंच गोकुल प्रसाद दुगारिया और दूसरे पक्ष से गोविंद सेन व अनिल सेन गंभीर रूप से घायल हो गए । बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं तीनों गंभीर घायलों को सारंगपुर सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया है ।
“सैलून दुकान के विवाद से शुरू हुई थी रंजिश”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले तलेंन रोड पर स्थित सरपंच के बेटे के मकान के पास गोविंद सेन की हेयर सैलून की दुकान पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था । इसी घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी । शुक्रवार शाम को जब गोविंद सेन और अनिल सेन गांधी चौक बस स्टैंड स्थित अपनी दुकान बंद कर के आवास कॉलोनी में स्थित घर जा रहे थे, तभी झिरी मंदिर के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और यह वारदात हो गई ।
“पुलिस ने संभाला मोर्चा,जांच शुरू”
विवाद की सूचना मिलते ही सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी और पड़ाना चौकी प्रभारी अशोक यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे । पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति पर काबू पाया थाना प्रभारी रघुवंशी ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है पुलिस घटना के वास्तविक कारणों,मारपीट में शामिल अन्य लोगों और धारदार हथियारों के इस्तेमाल को लेकर साक्ष्य जुटा रही है ।










