पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में हुई वार्ता, कलेक्टर के वीडियो संदेश के बाद बनी सहमति; 9 में से 8 मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर /राजगढ़ :- सुठालिया सिंचाई परियोजना के मुआवजे में विसंगतियों को लेकर पिछले 9 दिनों से धरने और भूख हड़ताल पर बैठे प्रभावित कृषकों ने आखिरकार अपना अनशन समाप्त कर दिया है। मंगलवार को जिला प्रशासन और किसानों के बीच हुई निर्णायक चर्चा के बाद यह सहमति बनी।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसानों की 9 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को प्रशासन ने अथक प्रयास किए। किसानों से चर्चा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ब्यावरा श्री गोविंद दुबे, कार्यपालन यंत्री सुठालिया परियोजना श्री जे.के. ठाकुर एवं परियोजना का मैदानी अमला उपस्थित रहा।
“कलेक्टर के वीडियो संदेश से बनी बात”
इससे पूर्व कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने पूर्वाह्न में वीडियो संदेश जारी कर किसानों की अधिकतम मांगों को नियमानुसार पूर्ण किए जाने का आश्वासन देते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की थी।
प्रशासन द्वारा किसानों की 9 सूत्रीय मांगों में से प्रथम मांग को छोड़कर शेष सभी मांगों पर नियमानुसार पूर्ति हेतु लिखित आश्वासन दिया गया। वहीं 8वीं मांग की प्रतिपूर्ति के लिए शासन स्तर से निर्णय उपरांत कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
लिखित आश्वासन मिलने के बाद मंगलवार को भूख हड़ताल पर बैठे किसानों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।










