Edition

खिलचीपुर में डोल ग्यारस की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा, नाले में फंसने से ठेका श्रमिक की मौत !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल,जेसीबी की मदद से डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन रहा नाकाम ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर :- खिलचीपुर में डोल ग्यारस पर्व के आयोजन की तैयारियों के बीच मंगलवार को गाड़गंगा नदी के जल मंदिर परिसर में एक दर्दनाक हादसा हो गया । यहाँ नगर पालिका की पुलिया पर पटिए लगाने का काम कर रहा 34 वर्षीय एक मजदूर अचानक गहरे नाले में फंस गया करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रशासन के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी युवक को जिंदा नहीं बचाया जा सका । इस घटना के बाद से ठेका पद्धति के तहत कराए जा रहे कामों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खिलचीपुर के थावरिया बाजार का निवासी बीरम मोगिया (34) मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे जल मंदिर परिसर स्थित पुलिया पर काम कर रहा था । नगर पालिका ने यह काम एक ठेकेदार को सौंप रखा था, जिसने निजी तौर पर बीरम को काम पर लगाया था । पटिए बिछाने के दौरान अचानक बीरम का संतुलन बिगड़ा और वह नाले के भीतर फंस गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई ।

“प्रशासन की मुस्तैदी के बाद भी टूटा दम”
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, स्थानीय थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुँचा। नगर पालिका की जेसीबी मशीनों को बुलाकर नाले के आसपास से रास्ता बनाने और युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए । पुलिस और रेस्क्यू टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार कड़ी मशक्कत की, लेकिन गहराई में फंसे होने के कारण बीरम को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका और दम घुटने से उसकी मौत हो गई ।

“जाँच के घेरे में नगर पालिका और ठेकेदार”
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने संवेदनशील और जोखिम भरे स्थान पर काम कराने के बावजूद ठेकेदार द्वारा श्रमिक को कोई सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे । डोल ग्यारस जैसे बड़े आयोजन की तैयारियों में बरती गई इस लापरवाही को लेकर अब प्रशासन जाँच की बात कह रहा है । पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है कि किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ और सुरक्षा में चूक के लिए कौन जिम्मेदार है।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail