Edition

गोघटपुर में जनविश्वास की महाचौपाल, विधायक ने सुनीं समस्याएं तो कलेक्टर ने दिए मौके पर ही समाधान के निर्देश !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जैविक खेती का दिया मंत्र, बिजली-पानी और अतिक्रमण के मुद्दों पर हुई सख्त समीक्षा, CCTV लगाने वाली दो पंचायतें हुईं सम्मानित, दर्जनों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जिले में चल रहे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम पंचायत गोघटपुर में जनसंवाद एवं उद्यम संवाद का वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शासन प्रशासन एक साथ ग्रामीणों की चौपाल पर पहुंचा। कार्यक्रम में खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और किसानों को रासायनिक खाद छोड़कर जैविक खाद अपनाने के लिए प्रेरित किया,ताकि लागत कम हो और भूमि की उर्वरता बनी रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने खाद्यान्न पर्ची से जुड़ी परेशानियां भी बताईं,वहीं बारिश के मौसम में ट्रांसफार्मर खराब होने से होने वाली विद्युत कटौती की समस्या प्रमुखता से उठी । इस पर विधायक दांगी ने विद्युत विभाग को पूरे क्षेत्र में पोल और लाइनों का सघन निरीक्षण कर स्थायी समाधान करने तथा जल निगम को गांव गांव पहुंचकर पेयजल संकट दूर करने के निर्देश दिए ।

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जनसंवाद को संबोधित करते हुए कहा कि विद्युत, पेयजल, अतिक्रमण एवं भूमि आवंटन से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रखा जाएगा । उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं को देखते हुए नियमित निरीक्षण और मेंटेनेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए, जहां नल लगाने की आवश्यकता है वहां सरपंच के सहयोग से स्थल चिन्हित कर तत्काल नल लगवाने की कार्रवाई की जाए और भूमि आवंटन सहित अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर उन्हें बंद कराया जाए । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ही ग्रामीणों की समस्याओं को उनके गांव में सुनना और उनका समाधान करना है और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्राप्त हर समस्या का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ।

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक हिस्सा उद्यम संवाद रहा, जहां शासकीय योजनाओं से लाभ लेकर स्वरोजगार शुरू करने वाले हितग्राहियों ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। भेरूलाल पांचाल ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत एक लाख रुपये का ऋण लेकर अपनी वेल्डिंग वर्कशॉप शुरू की है, वहीं रतन प्रजापति ने इसी योजना से ऋण लेकर मिट्टी के कलश, दीपक एवं अन्य सामग्री बनाने के लिए मशीन से कार्य प्रारंभ किया है। मुकेश जोशी ने प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत ऋण लेकर सीएससी सेंटर का संचालन शुरू किया है तो कुलदीप सिंह ने इलेक्ट्रिक दुकान के लिए ऋण प्राप्त कर अपना व्यवसाय स्थापित किया है ।

इसी दौरान ग्राम पंचायत गोघटपुर एवं रामनगर द्वारा गांव में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अपने स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की पहल की सराहना करते हुए विधायक हजारीलाल दांगी, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने दोनों पंचायतों के सरपंचों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया । कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ एवं सम्मान भी प्रदान किया गया, जिसमें जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल योजना के उत्कृष्ट संचालन पर गीताबाई, मनोहर सिंह, प्रेमसिंह वर्मा और राधेश्याम पंवार का सेवा सम्मान किया गया, वहीं आवास योजना, आजीविका मिशन, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना सहित राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण-पत्र वितरण में रेखा राठौर, प्रज्ञा, हरिओम राठौर सहित दर्जनों बालक बालिकाओं और रतनलाल, नाथूराम, दुलेसिंह, रानू मकवाना, रियांशी चौहान सहित 50 से अधिक हितग्राहियों को मंच से लाभान्वित किया गया ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail