पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला और सांझा चूल्हा योजना की समीक्षा – अभिलेख और मौके के स्टॉक का मिलान कराया ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को कार्यालय सहकारी संस्था मर्यादित, माचलपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की ।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने यहां प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई), प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं सांझा चूल्हा योजना के अंतर्गत संचालित व्यवस्थाओं एवं वितरण की स्थिति की समीक्षा की ।
“बोरियां गिनवाकर किया सत्यापन”
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सांझा चूल्हा योजना के तहत खाद्यान्न वितरण की दिनांक वार स्थिति एवं दिनांक वार स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने वितरण के लिए शेष बचे चावल की मात्रा की समीक्षा करते हुए मौके पर उपलब्ध चावल की बोरियों की गिनती भी कराई तथा भौतिक स्टॉक का सत्यापन किया ।
कलेक्टर ने स्टॉक पंजी का अवलोकन कर पंजी में दर्ज स्टॉक एवं मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान भी कराया । खाद्यान्न वितरण से संबंधित अभिलेखों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए ।
निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती स्वाति वायकर, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती हुमा हुजूर एवं नायब तहसीलदार सुनील वर्मा उपस्थित रहे।










