पीलूखेड़ी ‘उद्यम संवाद’ में बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के दिए सख्त निर्देश ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर : – मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज राजगढ़ जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीलूखेड़ी में ‘उद्यम संवाद’ का भव्य आयोजन किया गया । कार्यक्रम में भोपाल संभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योग एवं व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा उनका समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है । उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।
शर्मा ने उद्योगपतियों एवं उद्यमियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने । उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली और औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय कर दिशा निर्देश जारी किए । संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि पीलूखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें ।
“बुनियादी सुविधाओं,सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर संभागायुक्त के निर्देश”
उद्यम संवाद में उद्योगपतियों द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों पर संज्ञान लेते हुए संभागायुक्त शर्मा ने आवश्यक सेवाओं को मजबूत करने के लिए समन्वित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिएजिनमें है ।
पर्याप्त जलापूर्ति,सुरक्षा एवं सीसीटीवी: पूरे औद्योगिक परिसर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए रणनीतिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ,आपातकालीन व स्वास्थ्य सेवाएं: किसी भी औद्योगिक दुर्घटना से निपटने के लिए क्षेत्र में ही फायर ब्रिगेड की तैनाती की जाए, चौबीसों घंटे एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित हो ।अधोसंरचना विकास: औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट की संख्या बढ़ाई जाए ।
“ईपीएफ कार्यालय भोपाल शिफ्ट करने का सुझाव”
संवाद के दौरान उद्योगपतियों ने कर्मचारियों से संबंधित कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय वर्तमान में ग्वालियर में होने से आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया । उन्होंने बताया कि अत्यधिक दूरी के कारण प्रशासनिक कार्यों में काफी समय और ऊर्जा नष्ट होती है अतः ईपीएफ से संबंधित सुविधाओं के दृष्टिगत इस कार्यालय को भोपाल स्थानांतरित किए जाने का महत्वपूर्ण सुझाव संभागायुक्त के समक्ष रखा गया । संवाद के दौरान स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया विधायक मोहन शर्मा कहा कि स्थानीय युवाओं अधिक से अधिक रोजगार का मौका दिया जाए ।
“नए औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं”
उद्यम संवाद में पीलूखेड़ी के अलावा जिले के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया । क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कचनारिया फूड क्लस्टर, पचोर,डाबली कला एवं गोरखपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में नए निवेश की संभावनाओं को लेकर रोडमैप तैयार करने पर मंथन हुआ । कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के सचिव श्री विशेष गढ़पाले, राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा,पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित बिजली,उद्योग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित उद्योगपति व उद्यमी उपस्थित रहे ।










