Edition

माचलपुर में मुख्यमंत्री शहरी भू-अधिकार योजना के तहत 57 आवासहीनों को मिले जमीन के पट्टे !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधायक हजारीलाल दांगी का कहना पट्टा धारकों को एक महीने में मिलेंगे पीएम आवास के ढाई लाख रुपये,जल्द लाडली बहनों को मिलने लगेंगे 3000 रूपये ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर 

माचलपुर (राजगढ़) :– नगर परिषद माचलपुर में शुक्रवार को आवासहीन गरीब परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए परिषद कार्यालय परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शहरी भू-अधिकार योजना के अंतर्गत नगर के 57 आवासहीन परिवारों को जमीन के पट्टे वितरित किए गए । योजना के तहत उन गरीबों को आश्रय का कानूनी अधिकार दिया गया है, जो 31 दिसंबर 2020 तक आवास कॉलोनी की भूमि पर काबिज़ थे ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक हजारीलाल दांगी रहे,जबकि अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती गीताबाई मालवीय ने की, कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित सभी अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया ।

“गरीबों के हक की रोटी गरीबों को मिले, एक महीने में आएगी आवास की किस्त: विधायक दांगी”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक हजारीलाल दांगी ने हितग्राहियों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आप लोग कई दिनों से अपने पट्टों का इंतजार कर रहे थे,आज 57 परिवारों का यह इंतजार खत्म हुआ है । उन्होंने वादा किया कि बारिश के पहले नगर के ‘लोकुटों’ (झुग्गी-झोपड़ी/कच्चे मकान वाले पात्र परिवारों) को भी पट्टे दे दिए जाएंगे ।

विधायक ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार अब आवास के लिए ढाई लाख रुपये देती है । जिन 57 लोगों को आज पट्टे दिए गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी तुरंत दिया जाएगा और एक महीने के भीतर उनके बैंक खातों में आवास के पैसे आ जाएंगे । उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का साफ कहना है कि गरीबों के हक की रोटी गरीबों को ही मिले इसलिए मकान के लिए मिलने वाला पूरा पैसा ईमानदारी से सिर्फ मकान बनाने में ही लगाएं ।

“जल्द 3000 रुपये होगी लाडली बहना योजना की राशि”

महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए विधायक ने कहा कि कुछ ही दिनों में लाडली बहनों को ₹2000 मिलने लगेंगे, जिसे शीघ्र ही बढ़ाकर ₹3000 प्रति माह किया जाएगा । उन्होंने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं की धार्मिक और सामाजिक आस्था कहीं अधिक होती है । इसके साथ ही उन्होंने मंच से आह्वान किया कि यदि नगर में किसी भी गरीब का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है,तो वे इसे तुरंत बनवाएं आज सरकार इंसान के पैदा होने से लेकर मृत्यु तक हर मोड़ पर आर्थिक सहायता दे रही है ।

“दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हो रहा विकास”

नगर परिषद की कार्यप्रणाली की तारीफ करते हुए विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा, “मैं हर बार परिषद की बैठक में आता हूं, लेकिन मुझे यह कहते हुए खुशी है कि विपक्षी कांग्रेस के पार्षदों ने भी कभी नगर के विकास कार्यों का विरोध नहीं किया।” उन्होंने क्षेत्र के छात्रों को खुशखबरी देते हुए बताया कि माचलपुर में शीघ्र ही नया हायर सेकेंडरी स्कूल भवन आ रहा है, जिसके लिए वे लगातार जमीनी मेहनत कर रहे हैं ।पार्षदों व जनप्रतिनिधियों ने भी किया संबोधित, ये रहे उपस्थितविधायक दांगी के अलावा कार्यक्रम को वार्ड पार्षद विजय गुप्ता, रामगोपाल खंडेलवाल और नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बलवंत सिंह गुर्जर ने भी संबोधित किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने मध्य प्रदेश सरकार और नगर परिषद की कल्याणकारी नीतियों की सराहना की, मालिकाना हक का प्रमाण-पत्र (पट्टा) पाकर हितग्राहियों के चेहरे खिल उठे ।

इस गरिमामय अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि हनुमान पाटीदार, पार्षद पवन राठौर, भगवान राठौर, रामलाल गुर्जर एल्डर मेन जमनालाल पाटीदार व राहुल मालवीय सहित नगर के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और शासकीय अधिकारी-कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail