
समारोह में ’10 करोड़ नशा मुक्ति महा अभियान’ के तहत दिलाई गई प्रतिज्ञा ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :– प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के माचलपुर स्थित स्थानीय सेवा केंद्र (बड़ा राम मंदिर, प्रज्ञा स्कूल के पास) में पावन रक्षाबंधन पर्व अगाध श्रद्धा, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के बीच गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा *दीप प्रज्वलन* कर किया गया इस समारोह में मुख्य रूप से ब्रह्माकुमारी जिला प्रभारी राजयोगिनी मधु दीदी जी, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीताबाई मालवीय,रामबाबू चौधरी,राम मंदिर के पुजारी हनुमान शर्मा और महेश शर्मा उपस्थित रहे । साथ ही माचलपुर सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी, ब्रह्माकुमारी उमा दीदी और ब्रह्माकुमारी मनीषा दीदी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही ।
“नकारात्मकता का त्याग ही सच्ची रक्षा है: राजयोगिनी मधु दीदी”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी राजयोगिनी मधु दीदी जी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डाला । उन्होंने कहा, “रक्षाबंधन केवल एक धागा बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मा को विकारों से मुक्त रखने और जीवन में पवित्रता, शांति व सद्भावना अपनाने का प्रतीक है । जब हम अपनी बुराइयों को त्याग कर स्वयं को परमात्मा के प्रति समर्पित करते हैं,तभी सच्चे अर्थों में ईश्वरीय रक्षा की अनुभूति होती है”।
दीदी जी ने आगे कहा कि परमात्मा शिव का ज्ञान सुनने तथा उनके साथ योग (राजयोग) लगाने से हमें हमारी नकारात्मकता तथा कमियों-कमजोरियों का पता चलता है । आज के समय में नकारात्मक सोच के कारण ही सबसे ज्यादा बीमारियां हो रही हैं । अतः सभी प्रकार की बीमारियों से मुक्त होने के लिए परमात्मा का ज्ञान सुनें, उन्हें अपना परम रक्षक मानकर उनके साथ योग लगाएं और उनसे आत्मिक शक्तियां प्राप्त करें । जिस प्रकार द्रौपदी ने अपनी रक्षा के लिए परमात्मा को दिल से पुकारा था और परमात्मा ने उनकी रक्षा की, उसी प्रकार परमात्मा हर सच्चे दिल वाले की रक्षा करते हैं ।
“दिलाया नशा मुक्ति का संकल्प, रक्षा सूत्र और आभार”
समारोह में उपस्थित सभी सम्मानीय अतिथियों ने रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज उत्थान के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरि भूरि सराहना की । इस अवसर पर समाज को व्यसन मुक्त बनाने के उद्देश्य से ’10 करोड़ नशा मुक्ति महा अभियान’ के अंतर्गत उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा भी कराई गई । इसके पश्चात राजयोगिनी मधु दीदी जी द्वारा सभी उपस्थित भाई-बहनों को पवित्र रक्षा सूत्र बांधा गया । कार्यक्रम का कुशल संचालन ब्रह्माकुमारी उमा दीदी ने किया तथा अंत में माचलपुर सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी द्वारा सभी अतिथियों व आगंतुकों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया ।










