2 लाख 80 हजार रु नकद बरामद,शिवपुरी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, राजगढ़ एसपी के निर्देशन में हुई त्वरित कार्रवाई ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- जिला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है । थाना खुजनेर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक स्कार्पियो गाड़ी से हुई 3.10 लाख रु की चोरी का महज 48 घंटे के भीतर त्वरित खुलासा कर दिया है । पुलिस ने इस मामले में फरियादी के ही ड्राइवर और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई राशि में से 2 लाख 80 हजार रु नकद बरामद कर जप्त कर लिए हैं । यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राजगढ़ अरविन्द सिंह राठौर के नेतृत्व में अंजाम दी गई ।
“स्कार्पियो की डिक्की से उड़ाए थे रुपये,ड्रायवर पर था शंक पुलिस ने दबोचा”
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,दिनांक 26 अगस्त 2026 को फरियादी शिवकुमार शर्मा उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम बढ़पुरा जिला भिंड जो वर्तमान में खुजनेर के बखेड़ जोड़ पर रह रहे हैं,ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी । फरियादी ने बताया कि 25-26 अगस्त की दरमियानी रात को बखेड़ जोड़ स्थित मकान के सामने खड़ी उनकी स्कार्पियो गाड़ी MP-04-CU-5200 की आगे की डिक्की में रखे 3 लाख 10 रु हजार रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए हैं ।शिकायत के दौरान फरियादी ने अपने ही ड्राइवर राजेन्द्र उर्फ भूरा यादव और उसके साथी राकेश कुशवाह पर चोरी का संदेह व्यक्त किया था खुजनेर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 176/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रवि ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई । पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की,जिसके बाद दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया । आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने 2,80,000/- रु की नगदी बरामद की ।
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपी मूल रूप से शिवपुरी जिले के रहने वाले हैं,राजेन्द्र सिंह उर्फ भूरा यादव उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम महुआ, थाना मायापुर, जिला शिवपुरी दूसरा आरोपी राकेश कुशवाह उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम रन्नौद, थाना रन्नौद, जिला शिवपुरी । थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की घटना के संबंध में और विस्तृत पूछताछ की जा रही है चोरी गई शेष राशि 30 हजार रुपए तथा घटना से जुड़े अन्य कड़ियों के संबंध में विवेचना जारी है साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है ।
“इस टीम की रही सराहनीय भूमिका”
इस त्वरित और सफल खुलासे में खुजनेर थाना प्रभारी निरीक्षक रवि ठाकुर, सउनि मंगलसिंह छायल, प्र.आर. सतीश परमार, प्र.आर. वीरेंद्र यादव, प्र.आर. भानू, प्र.आर. प्रकाश भिलाला सहित राजगढ़ साइबर सेल टीम के प्र.आर. शशांक यादव और प्र.आर. कुलदीप कुंभकार की विशेष और सराहनीय भूमिका रही ।










