सोसायटी के सामने कांग्रेसियों ने हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां लेकर की नारेबाजी राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत आज ब्लॉक कांग्रेस के तत्वाधान में नगर की सोसायटी के सामने स्थित झंडा चौक पर विरोध प्रदर्शन कर धरने का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक एकत्रित हुए,जिन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । प्रदर्शनकारी अपने हाथों में सरकार विरोधी स्लोगन लिखी तख्तियां थामे हुए थे,जिन पर महंगाई और बिजली संकट को लेकर तीखे नारे लिखे थे ।
इस अवसर पर झंडा चौक पर एक सभा का आयोजन भी किया गया सभा को पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित, मोहन सिंह पॉवर, देवीसिंह झरनी, दयाराम राठौर, सुरेंद्र गुर्जर और राजेश राठौर ने संबोधित किया । अपने संबोधन में सरकार की आर्थिक नीतियों और बेतहाशा बढ़ती महंगाई को लेकर जमकर भला-बुरा कहा वक्ताओं ने आरोप लगाया कि रसोई गैस,पेट्रोल-डीजल , शक्कर के आसमान छूते भाव और आवश्यक खाद्य सामग्रियों के दाम बढ़ाकर सरकार ने आम आदमी, किसानों और गृहणियों की कमर तोड़ दी है,साथ ही बिजली के भारी बिलों और अघोषित कटौती को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया गया ।
“राजस्व निरीक्षक को सौंपा ज्ञापन, रखी ये मुख्य मांगें’
सभा के समापन के बाद सभी कांग्रेसियों ने नायब तहसीलदार की अनुपस्थिति राजस्व निरीक्षक राजेंद्र बरदानिया को माननीय राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई गईं:
घरेलू एलपीजी सिलेंडर व पेट्रोल-डीजल के दामों में तत्काल व्यापक कटौती की जाए ।
शक्कर, दाल, तेल सहित आवश्यक खाद्य पदार्थों की कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस नीति बने ।
आम उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे त्रुटिपूर्ण और भारी बिजली बिलों को संशोधित कर राहत दी जाए ।
वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंचा रहे E20 ईंधन की गुणवत्ता की निष्पक्ष समीक्षा की जाए ।
इस अवसर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत सिंह गुर्जर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र गोयल, राजेंद्र सिंह पॉवर,ओंकारलाल गुर्जर,हरिसिंह चाड,आई टी सेल अध्यक्ष बालचंद्र गुर्जर कुण्डलिया,शिव सिंह गुर्जर,विक्रम सिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे ।










