सुरक्षित एलपीजी उपयोग के लिए जिला प्रशासन की अनोखी पहल,’भाई आया रे गैस सिलेंडर’ गीत से उपभोक्ताओं को किया जाएगा जागरूक ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल शुरू की है । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा जारी आदेशानुसार अब जिले के सभी गैस वितरण वाहनों में एक विशेष जागरूकता गीत का अनिवार्य रूप से प्रसारण किया जाएगा ।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड एवं अन्य निजी एलपीजी कंपनियों के सेल्स ऑफिसर को इस संबंध में कड़े निर्देश दिए गए हैं । सभी वितरण वाहनों में “भाई आया रे गैस सिलेंडर” नामक जागरूकता गीत बजाना अनिवार्य होगा ।
“गीत में मिलेगी सील और वजन जांचने की सीख”
यह विशेष गीत ‘ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन’ द्वारा तैयार किया गया है। इस संगीतमय पहल के माध्यम से उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर लेते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में शिक्षित किया जाएगा। गीत में मुख्य रूप से निम्नलिखित जानकारियां शामिल हैं :
महत्वपूर्ण जांच: सिलेंडर प्राप्त करते समय उसकी सील और वजन की जांच करने की सलाह ।
सुरक्षित उपयोग: एलपीजी गैस को सही और सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के तरीके ।
सुरक्षा मानक: रसोई में दुर्घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन ।
“लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई”
प्रशासन ने सभी एलपीजी कंपनियों को इस संबंध में तत्काल कदम उठाने और की गई कार्रवाई से जिला कार्यालय को अवगत कराने के सख्त निर्देश दिए हैं । इस पत्र की प्रतिलिपि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय के आयुक्त (भोपाल) और ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन (दिल्ली) को भी भेजी गई है । जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस संगीतमय अभियान से आम नागरिकों में गैस सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ेगी और हादसों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकेगी ।










