
संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में माचलपुर सहित कई गांवों में सामाजिक एकता और भाई चारे का दिया संदेश ।
घनशयाम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :-“मन चंगा तो कठौती में गंगा” और “ऐसा चाहूं राज मैं जहाँ मिले सबन को अन्न, छोट बड़ो सभ सम बसै, रविदास रहे प्रसन्न” का कालजयी संदेश देने वाले सामाजिक समरसता के अग्रदूत, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के विचार युगों-युगों तक मानवता का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे । संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650 वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत खिलचीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली जा रही है । यह अभियान समाज के वंचित और अनुसूचित जाति वर्ग के बीच संत रविदास जी के गौरवमयी इतिहास और संदेश को पुनर्जीवित करने का एक बड़ा प्रयास है,जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास,सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए एक समरस, सशक्त और अंत्योदय-आधारित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा । इसी उद्देश्य के साथ यात्रा में खिलचीपुर विधानसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता कर सामाजिक समरसता और एकता का संकल्प लिया ।
“भाजपा जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक के नेतृत्व में माचलपुर क्षेत्र में निकली यात्रा”
यह कलश वंदन यात्रा भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर एवं क्षेत्रीय लोकप्रिय विधायक हजारीलाल दांगी के नेतृत्व में निकाली गई । यात्रा विधानसभा क्षेत्र के माचलपुर, गोघटपुर, पिपलियाकुलमी, ब्राह्मण गांव, रामगढ़ एवं बाड़गांव पहुंची,जहां ग्रामीणों ने इसका भव्य स्वागत किया।
अभियान के तहत नगर माचलपुर में यात्रा की शुरुआत रावण बाल्डी पर स्थित संत रविदास जी महाराज के मंदिर से हुई । यहाँ उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर विधायक हजारीलाल दागी और श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की । इसके बाद यात्रा नगर के नाना बाजार, बड़े बाजार और बस स्टैंड से निकाली इस दौरान लोगों ने पूजा अर्चना की यात्रा में चलित झाकी साथ थी वहीं आगे आगे डीजे पर भक्ति भजन बज रहे थे । यात्रा नवीन बस स्टैंड तक पहुंची यहां से गोघटपुर के लिए प्रस्थान कर गई।
“जन-जन तक पहुंचाएंगे भाई चारे का संदेश,इनकी रही सहभागिता”
यात्रा के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर,विधायक हजारीलाल दांगी और हनुमान पाटीदार,मंडल अध्यक्ष अमिता अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गीताबाई मालवीय,रामगोपाल खंडेलवाल, अर्जुन सिंह ,रामगढ़ मंडल अध्यक्ष भोजराज गुर्जर, विजय गुप्ता,मुकेश राठौर ,पवन राठौर पार्षद, राहुल मालवीय सहित वरिष्ठ नेताओं ने समाज में समरसता, सामाजिक एकता और आपसी भाई चारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया । कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही ।










