बड़ी मस्जिद से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा कारवां,युवाओं और बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर दिया शांति का संदेश, समापन पर बांटी गई मिठाई ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :– नगर में बुधवार को मुस्लिम समाज द्वारा पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब का यौम-ए-पैदाइश (जन्मदिन) यानी ‘ईद-ए-मिलाद-उन-नबी’ का त्यौहार बेहद अदब,अकीदत और भारी उत्साह के साथ मनाया गया । इस मुबारक मौके पर पैगम्बर साहब की याद में नगर में एक विशाल और भव्य जुलूस निकाला गया,जिसमें समाज जनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया । बाजार चौक में स्थित बड़ी मस्जिद से हुआ जुलूस का आगाज हुआ जुलूस में बड़ी संख्या में युवा, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए । जुलूस का मुख्य आकर्षण पैगम्बर साहब की शान में लिखे स्लोगन की आकर्षक तख्तियां और बैनर रहे, जिन्हें बच्चे और युवा अपने हाथों में थामे हुए थे डीजे पर बज रहे मजहबी तरानों और नात-ए-पाक की धुनों के बीच समाज जनों का उत्साह देखते ही बनता था ।
“नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा कारवां,मिठाई बाटी गई,एक दूसरे को मुबारकबाद दी”
बड़े बाजार चौक में स्थित बड़ी मस्जिद से शुरू होकर यह जुलूस पुरानी बस स्टैंड पहुंचा यहाँ से कारवां नर्मदा मालवा बैंक,पोलखेड़ा चौराहा और नवीन बस स्टैंड ,एचपी गैस एजेंसी के सामने से होते हुए जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से पुनः अपने शुरुआती स्थल बड़े बाजार स्थित बड़ी मस्जिद प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुआ । रास्ते में जुलूस का स्वागत किया गया समापन पर बड़ी मस्जिद में विशेष दुआ का आयोजन किया गया, जिसमें अमन-चैन और आपसी भाईचारे की कामना की गई इसके बाद उपस्थित समाज जनों और बच्चों के बीच मिठाई का वितरण किया गया । अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद पेश की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर इस दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासन का अमला भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया ।










