
मौसम की बाधा पर भारी पड़ा जन उत्साह,दर्जनों नेत्र रोगियों को मिली मुफ्त दवा व चश्मे,युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- ग्राम पिपलिया कुलमी स्थित पाटीदार धर्मशाला में भाजपा जिला मंत्री व विधायक प्रतिनिधि हनुमान पाटीदार के जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया । क्षेत्र में सुबह से हो रही भारी बारिश के बावजूद ग्रामीणों और मरीजों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी,आस-पास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में पहुंचे नेत्र रोगियों की जांच कर उन्हें उचित उपचार मुहैया कराया गया ।
“नेत्र रोगियों को मिला उपचार, ऑपरेशन के लिए आनंदपुर भेजे गए मरीज”
शिविर में पहुंचे आंखों के मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा बारीकी से परीक्षण किया गया इस दौरान जरूरतमंदों को दवाइयां,चश्मे और लेंस वितरित किए गए । वहीं, जिन मरीजों की आंखों में मोतियाबिंद या अन्य गंभीर समस्याएं पाई गईं, उन्हें ऑपरेशन के लिए सर्व सुविधायुक्त ‘श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट आनंदपुर अस्पताल’ रेफर किया गया,जहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा ।
अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया । शिविर में कुल 22 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया इस मौके पर जन्मदिन मना रहे भाजपा नेता हनुमान पाटीदार ने स्वयं आगे बढ़कर अपने जीवन का 21वां रक्तदान किया और समाज को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया ।
“बधाई देने पहुंचे क्षेत्र के गणमान्य नागरिक”
हनुमान पाटीदार के जन्मदिन के इस सेवाभावी आयोजन में आस-पास के क्षेत्रों और गांवों के लोगों ने पाटीदार धर्मशाला पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं । कार्यक्रम का संचालन दिलीप बैरागी ने किया,जबकि शिविर के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों, चिकित्सकों और रक्तदाताओं का आभार गुरुदेव सत्यनारायण शास्त्री ने व्यक्त किया ।










