
धार्मिक उल्लास, लखोनी से बांगपुरा तक गूंजा ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर आज ग्राम लखोनी बाबा भोले की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया । विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वाधान में एक भव्य एवं विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया ।
कावड़ यात्रा का आरंभ सुबह ग्राम लखोनी से विशेष पूजा-अर्चना और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ हुआ । यात्रा में शामिल कावड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते भक्त हाथों में पवित्र जल से भरी कावड़ लेकर आगे बढ़ रहे थे। पूरा मार्ग ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा कावड़ यात्रियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया गया ।
यह विशाल कावड़ यात्रा लखोनी से प्रारंभ होकर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल छापिश्वर महादेव मंदिर बांगपुरा पहुँची। जहाँ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और समस्त ग्रामवासियों ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का पवित्र जल से अभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की ।
इस पूरी यात्रा को अनुशासित और सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल लखोनी के समस्त कार्यकर्ताओं का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा। जलाभिषेक और महाआरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसके साथ ही इस भव्य कावड़ यात्रा का समापन हुआ ।










