Edition

राजगढ़ नपा अध्यक्ष विनोद साहू के निर्वाचन को चुनौती, शपथ-पत्र में तथ्य छिपाने का आरोप !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश, परियोजना अधिकारी से एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर 

राजगढ़ / माचलपुर :-नगर पालिका परिषद राजगढ़ के अध्यक्ष और वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद विनोद साहू का निर्वाचन विवादों में घिर गया है । उनके निर्वाचन को निरस्त करने की मांग को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई है, आरोप है कि विनोद साहू ने चुनाव के दौरान दाखिल किए गए अपने आधिकारिक शपथ पत्र में कई महत्वपूर्ण और वैधानिक तथ्यों को छिपाया था । इस मामले के सामने आने के बाद जिले के सियासी हलकों में हड़कंप मच गया है ।

“एक सप्ताह में मांगी जांच रिपोर्ट’
मिली जानकारी के अनुसार, यह शिकायत वार्ड क्रमांक-14 के पार्षद मोहित (महेश) तंवर द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय को सौंपी गई थी । मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया है । उन्होंने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को इस पूरे मामले की विस्तृत जांच सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं ।

“निर्वाचन शून्य घोषित करने की मांग”
शिकायतकर्ता पार्षद मोहित तंवर ने अपनी शिकायत में मांग की है कि नियमों की अनदेखी और तथ्यों को छिपाने के कारण विनोद साहू के पार्षद एवं नगर पालिका अध्यक्ष पद के निर्वाचन को तत्काल प्रभाव से शून्य घोषित किया जाए । साथ ही,निर्वाचन नियमों के उल्लंघन को लेकर उनके खिलाफ उचित वैधानिक और कानूनी कार्रवाई भी की जाए ।

“कांग्रेस को मिला बैठे बिठाए मुद्दा”
इस प्रशासनिक हलचल ने राजगढ़ की स्थानीय राजनीति का पारा चढ़ा दिया है । नगर पालिका चुनाव के बाद से ही आपसी खींचतान का सामना कर रही कांग्रेस के लिए यह मामला एक संजीवनी की तरह देखा जा रहा है । सियासी जानकारों का मानना है कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस संगठन सत्ता पक्ष (भाजपा) पर हमलावर होने की रणनीति बना रहा है । हालांकि, जिला प्रशासन का कहना है कि आरोपों की सत्यता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी,जिसके बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail