दिग्गज कांग्रेसी नेताओं और जिला पदाधिकारियों की अगुवाई में कलेक्टर की अनुपस्थिति में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- सुठालिया सिंचाई परियोजना से प्रभावित राजगढ़ और गुना जिले के किसानों के हक में जिला कांग्रेस कमेटी ने आज आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया । जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व और जिला पदाधिकारियों की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए जहा धरना दिया नारेबाजी की । कलेक्टर की अनुपस्थिति में एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपकर प्रभावितों को तुरंत न्याय देने की मांग की गई ।
कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि डूब क्षेत्र में आने वाले किसानों की कृषि भूमि और परिसंपत्तियों का निष्पक्ष मूल्यांकन कर उन्हें चार गुना मुआवजा व उचित विस्थापन लाभ नहीं दिया गया,तो आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता और पीड़ित ग्रामीण उपस्थित रहे ।
“1 जनवरी 2021 की कट ऑफ तारीख से मिले लाभ”
सौपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने प्रमुखता से मांग उठाई कि विस्थापन और परिवार आईडी से जुड़े लंबित लाभ पात्र परिवारों को तुरंत दिए जाएं । इसके लिए 01 जनवरी 2021 को कट ऑफ दिनांक माना जाए । इस तिथि के आधार पर परिवार आईडी में दर्ज पात्र सदस्यों और उसके बाद प्रभावित हुए सभी परिवारों के मामलों की नियमानुसार जांच कर उन्हें हक दिया जाए । इसके साथ ही परियोजना के कारण भूमिहीन हो चुके और 90 से 100 प्रतिशत तक प्रभावित परिवारों को विस्थापन नीति का पूरा लाभ मिले ।
“टोड़ी निवारा और गुर्जर खेड़ी के किसान परेशान दोबारा सर्वे की मांग”
कांग्रेसी नेताओं ने प्रशासन को चेताया कि राजगढ़ जिले के ग्राम टोड़ी,निवारा और गुर्जरखेड़ी के हितग्राहियों के मकानों की मुआवजा राशि लंबे समय से रुकी हुई है, जिसका शीघ्र भुगतान होना चाहिए । इसके अलावा सुठालिया परियोजना के अंतर्गत ग्राम टोड़ी के 24 मकानों और ग्राम गुर्जरखेड़ी के 03 मकानों को पूर्णतः प्रभावित माना जाए । इन सभी मामलों का दोबारा जमीनी सर्वे और पुनः परीक्षण कराकर पात्र मकान मालिकों को नियमानुसार मुआवजा राशि जारी की जाए ।
“मूलभूत सुविधाओं से लैस हों विस्थापन स्थल”
धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विस्थापित परिवारों के लिए जो पुनर्वास स्थल प्रस्तावित किए गए हैं,वहां पहले बिजली,पानी,सड़क और स्कूल जैसी सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएं । इसके साथ ही किसानों के कुएं, ट्यूबवेल, फलदार वृक्ष,सामान्य पेड़ पौधे और सिंचाई पाइप लाइन जैसी बुनियादी परिसंपत्तियों के लंबित मुआवजे का भी अविलंब भुगतान किया जाए इस अवसर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियवृत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रसिंह सौंधया, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर, पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे ।










