Edition

नरसिंहगढ़ में विकास कार्यों की बड़ी समीक्षा,गंभीर लापरवाही पर पांच पंचायत सचिव तत्काल प्रभाव से निलंबित !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर वसूली में उदासीनता और बैठक से अनुपस्थित रहने वाले चार कर्मचारियों का वेतन काटा,दो रोजगार सहायक जनपद मुख्यालय संबद्ध,जिला पंचायत सीईओ के सख्त निर्देश ।

 घनश्याम शर्मा माचलपुर 

 राजगढ़ / माचलपुर।:- शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और वित्तीय अनुशासनहीनता बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है । जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ के सभाकक्ष में विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में लक्ष्यों की खराब प्रगति और कर वसूली में उदासीनता पाए जाने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पांच ग्राम पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया । इसके साथ ही, कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और बैठक से अनुपस्थित रहने वाले चार कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने तथा दो ग्राम रोजगार सहायकों को जनपद मुख्यालय संलग्न करने के आदेश जारी किए गए ।

बैठक में जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक यंत्री,उपयंत्री जनपद स्तरीय अधिकारी कर्मचारी,ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे । इस दौरान वीबी-जी रामजी योजना के तहत लेबर नियोजन,पूर्व स्वीकृत कार्यों की पूर्णता,सीपरी पोर्टल पर कार्यों की प्लानिंग पंचायतीराज के अंतर्गत करारोपण व कर वसूली आंगनवाड़ी एवं पंचायत भवनों की स्थिति तथा विद्युत देयकों के भुगतान की बिंदुवार समीक्षा की गई । साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2025 के निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध जारी स्वीकृतियों की ग्राम पंचायतवार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए ।
“कर वसूली में लापरवाही मिलने पर वेतन कटौती के आदेश”
समीक्षा के दौरान कई ग्राम पंचायतों में कर वसूली की स्थिति अत्यंत निराशाजनक मिलने और बैठक में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की । शासकीय कार्यों में शिथिलता बरतने के कारण विजयगढ़ ग्राम पंचायत सचिव चंदूलाल देवड़ा,विजयगढ़ ग्राम रोजगार सहायक नारायण सिंह कुशवाह,साका जागीर ग्राम पंचायत सचिव अनुप गुर्जर तथा साका जागीर ग्राम रोजगार सहायक निरंजन सिंह गुर्जर का तीन दिवस का वेतन काटने के आदेश दिए गए । वहीं पाडल्या बना ग्राम रोजगार सहायक मुकेश दांगी को जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ में संबद्ध करने के आदेश जारी किए गए ।

“बिना पूर्व सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर निलंबन”
समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अनुशासनहीनता पर भी सख्त रुख अपनाया गया। चारपुरा ग्राम रोजगार सहायक धर्मेन्द्र विजयपुरिया के बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने पर उन्हें जनपद पंचायत नरसिंहगढ़ में संलग्न किया गया है । इसी प्रकार बिना पूर्व सूचना के बैठक से नदारद रहने और राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने पर बूचाखेड़ी ग्राम पंचायत सचिव शिवनारायण झलावा तथा मवासा ग्राम पंचायत सचिव (अतिरिक्त प्रभार सराना) ओम प्रकाश सेन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया ।

“तीन अन्य पंचायत सचिवों के विरुद्ध भी हुई निलंबन की कार्रवाई”
शासकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही बरतने और वित्तीय लक्ष्यों को पूरा न करने पर पाडल्याबना ग्राम पंचायत सचिव रमेशचंद्र मालवीय,मानपिछोड़ी ग्राम पंचायत सचिव चैनसिंह चौधरी तथा परसूखेड़ी ग्राम पंचायत सचिव गजेंद्र सिंह बैस के विरुद्ध भी निलंबन की कार्रवाई की गई है । एक ही बैठक में कुल पांच सचिवों पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से विकास खंड के प्रशासनिक अमले में हड़कंप की स्थिति है ।

“गुणवत्ता से समझौता और निर्देशों की अवहेलना स्वीकार नहीं,जिला सीईओ”                                          . जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी, गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ करेंm। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अनुशासनहीनता अथवा कार्यों की गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा । भविष्य में यदि किसी भी कार्य में वित्तीय या प्रक्रियात्मक अनियमितता, लापरवाही अथवा वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना पाई गई,तो संबंधित अधिकारी कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail